News Room Post

Pratibha Singh Vs Sukhu: ‘…तो सुक्खू न बनते सीएम’, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने फिर खोला सुखविंदर के खिलाफ मोर्चा!

sukhvinder singh sukhu and pratibha singh

मंडी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सीएम बने सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच विवाद अब भी जारी होने के संकेत हैं। ये संकेत प्रतिभा सिंह के ताजा बयान से मिले हैं। कांग्रेस के ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के तहत प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को सुक्खू को कमतर आंकने वाला बयान दिया। हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि अगर वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर चुनाव न हारते, तो वो ही हिमाचल के सीएम बनते। मंडी जिले के पधर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमने सरकार तो हिमाचल में बना ली, लेकिन द्रंग विधानसभा सीट न जीतने का मलाल है। 8 बार के विधायक, 4 बार के मंत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा स्पीकर रहे कौल सिंह ठाकुर द्रंग में हार गए। ये अफसोस की बात है।

प्रतिभा सिंह ने इससे आगे सुक्खू को कमतर आंकने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि कौल सिंह ठाकुर जीते होते, तो आज सुखविंदर सुक्खू की जगह वो ही सीएम बनते। प्रतिभा ने कहा कि सुक्खू के शपथग्रहण के दौरान भी कौल सिंह से मुलाकात हुई थी और मैंने ये बात उनसे कही थी। इस पर कौल सिंह ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी कि सब किस्मत की बात है। सुक्खू के भाग्य में सीएम बनना लिखा था। प्रतिभा सिंह के ताजा बयान से साफ है कि वो सुक्खू को सीएम पद पर देखना अब भी स्वीकार नहीं कर पा रही हैं। जबकि, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने शिमला आकर सुक्खू को हिमाचल के सीएम पद पर बिठाया था।

हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजे बीते साल 8 दिसंबर को आए थे। कांग्रेस को 40 सीटें मिली थीं। इसके बाद ही सीएम पद को लेकर प्रतिभा सिंह अड़ गई थीं। उनके गुट ने काफी हंगामा भी मचाया था। सीएम पद की रेस में प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री समेत कई नाम चलने लगे थे। प्रतिभा सिंह ने उस दौरान खुद को सीएम न बनाए जाने पर परोक्ष तौर पर नाराजगी भी जताई थी। बाद में कांग्रेस आलाकमान की तरफ से सुक्खू को सीएम बनाने का फैसला हुआ था। प्रतिभा सिंह के ताजा बयान से साबित हो रहा है कि कांग्रेस आलाकमान के फैसले से अब भी वो नाराज हैं।

Exit mobile version