News Room Post

Madhya Pradesh: पति ने पत्नी को तोहफे में दिया ‘ताज महल’, 3 साल में बनकर हुआ तैयार

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी को ताजमहल जैसा घर तोहफे में दिया है। इस घर को बनवाने में 3 साल लग गए। ताजमहल जैसे दिखने वाले इस घर में 4 बेडरूम, एक किचन, एक लाइब्रेरी और एक मेडिटेशन रूम है। इस घर का क्षेत्रफल मीनार सहित 90×90 है। जिसे बनवाने के लिए आगरे से कारीगर भी बुलवाए गए थे। हर ओर इस घर की चर्चा हो रही है। जो भी इस घर को देख रहा है उसके मुंह से वाह ताज ही निकल रहा है।

मीडिया में आ रही खबरों की मानें तो इस घर को बुरहानपुर के शिक्षाविद आनंद प्रकाश चौकसे ने बनवाया। उन्होंने अपनी पत्नी मंजूषा को इसे तोहफे में दिया है। ये घर हूबहू ताजमहल जैसा लग रहा है। इसे देख हर कोई हैरान है। इस ताजमहल के घर में असली ताजमहल जैसी मिनारें भी हैं।

इस घर की फ्लोरिंग राजस्थान के मकराना और फर्नीचर मुंबई के कारीगरों से तैयार कराया गया है। यही नहीं, घर के अंदर और बाहर इस तरह की लाइटिंग की गई है कि ये अंधेरे में असल ताजमहल की तरह ही दिखता है।

इंजीनियरों को आई कई दिक्‍कतें

ताजमहल जैसा घर बनाने में इंजीनियरों को कई दिक्‍कतों का सामना करना पड़ा। कंसलटिंग इंजीनियर प्रवीण चौकसे ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘आनंद चौकसे ने उन्हें ताजमहल जैसा मकान बनाने का कठिन टास्क दिया था। खुद आनंद चौकसे और उनकी पत्नी मंजूषा चौकसे आगरा के ताजमहल को देखने गए थे। उसका बारीकी से अध्ययन किया और इंजीनियरों को ताजमहल जैसा ही घर बनाने को कहा गया।’ आनंद चौकसे ने बताया कि उन्होंने खुद आगरा जाकर ताजमहल देखा उसका बारीकी से अध्यन किया।

ताजमहल जैसा लग्जरी घर

प्रवीण चौकसे ने बताया कि इस घर का क्षेत्रफल मीनार सहित 90×90 है। इसका बेसिक स्ट्रक्चर 60×60 का है। डोम 29 फीट ऊंचा रखा गया है। ताजमहल जैसे घर में एक बड़ा हॉल, 2 बेडरूम नीचे और 2 बेडरूम ऊपर है। इसके अलावा 1 किचन, 1 लाइब्रेरी और 1 मेडिटेशन रूम है।

Exit mobile version