News Room Post

Rain Alert: उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट, यूपी और बिहार समेत तमाम अन्य राज्यों में भी मूसलाधार बारिश जारी रहने का मौसम विभाग ने लगाया अनुमान

Rain Alert: उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। इस वजह से वहां चारधाम यात्रा को स्थगित करना पड़ा। जबकि, जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को स्थगित करना पड़ा है। मौसम विभाग ने तमाम राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

नई दिल्ली। जैसा कि मौसम विभाग का अनुमान था, भीषण गर्मी के बाद अब मूसलाधार बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां चारधाम यात्रा को स्थगित करना पड़ा है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी जबरदस्त बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को रोकना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर, पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि यूपी, बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल के गंगा से लगे इलाकों में तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का अलर्ट दिया है। देश की राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में भी जमकर बारिश हो रही है। यहां 2016 का बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में भी अगले कुछ दिन तक ऐसे ही बारिश होते रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तक प्रायद्वीपीय भारत में भी जमकर बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर जोरदार बारिश से मैदानों में नदियां उफन रही हैं। इसकी वजह से हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज के गेट खोले गए हैं। ऐसे में अगले 72 घंटे में दिल्ली में यमुना का स्तर काफी बढ़ सकता है। बारिश के कारण बाढ़ भी आई है। पूर्वोत्तर में बाढ़ ने असम को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। यहां 29 जिलों में 22 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम में सभी बड़ी नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी 60000 से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी कर रखी है कि ला नीना के प्रभाव के कारण जुलाई से सितंबर के अंत तक देशभर में जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस साल औसत से ज्यादा बारिश होने जा रही है।

Exit mobile version