News Room Post

Heatwave And Rain To Be Seen In May 2024: तमाम राज्यों में हीटवेव जबकि कुछ जगह बारिश, मौसम विभाग के अनुसार मई में ऐसा रहेगा देश में मौसम

Heatwave And Rain To Be Seen In May 2024: अप्रैल के महीने से ही देश के तमाम राज्यों में हीटवेव का असर दिख रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी और बारिश हो रही है। अब मौसम विभाग ने बताया है कि मई में क्या हालात रहने वाले हैं। तो जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम।

नई दिल्ली। अप्रैल के महीने से ही देश के तमाम राज्यों में हीटवेव का असर दिख रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी और बारिश हो रही है। अब मौसम विभाग ने बताया है कि मई में क्या हालात रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने बताया कि मई में उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में दो से चार दिन तक हीटवेव यानी लू चलने के आसार हैं। जाहिर है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग प्रमुख मृत्युंजय महापात्र के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर के प्रायद्वीप वाले इलाकों को छोड़कर ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने वाला है।

मृत्युंजय महापात्र के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के उत्तरी इलाकों के साथ तमाम क्षेत्रों में इस महीने अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाकों, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों, झारखंड, बिहार और ओडिशा समेत कई जगह दो से चार दिन तक लू चलेगी। ये सामान्य से ज्यादा है, क्योंकि इन इलाकों में औसतन 3 दिन लू चलती है। वहीं, राजस्थान के दक्षिणी इलाकों, पश्चिम मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ व गुजरात में पांच से आठ दिन तक हीटवेव का अनुमान है। यानी लोगों को शिद्दत की गर्मी का अहसास होगा। महापात्र के अनुसार दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अप्रैल में औसत अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहा, जो 1901 के बाद दूसरी बार सबसे ज्यादा है। 2016 के बाद अप्रैल में सबसे ज्यादा 16 दिन ओडिशा में लू चली।

मौसम विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मई में सामान्य बारिश का अनुमान है। जो दीर्घावधि औसत का 91 से 109 फीसदी हो सकता है। जबकि, 1971 से 2020 तक ये औसत 61.4 रहा। उनके मुताबिक उत्तर-पश्चिम के अधिकतर हिस्सों, मध्य भारत के कुछ इलाकों, दक्षिण के प्रायद्वीपीय हिस्से और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। बाकी देश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और विदर्भ में भी सामान्य से ज्यादा बारिश होने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के दक्षिण इलाकों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, उत्तर छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा, केरल और पूर्वोत्तर भारत में कुछ जगह सामान्य से कम बारिश मई के महीने में हो सकती है।

Exit mobile version