News Room Post

Big News: अब अखिलेश के MLC पुष्पराज जैन के यहां इनकम टैक्स छापा, समाजवादी इत्र किया था लॉन्च

कन्नौज। समाजवादी पार्टी यानी सपा के मुखिया अखिलेश यादव के खास और इत्र व्यापारी पुष्पराज जैन के कन्नौज स्थित घर और ठिकानों पर इनकम टैक्स छापे पड़ने की खबर है। इसके अलावा मोहम्मद याकूब परफ्यूम पर भी छापा पड़ा है। पुष्पराज जैन सपा के विधान परिषद सदस्य भी हैं और उन्होंने ही बीते दिनों समाजवादी इत्र लॉन्च कराया था। इससे पहले जीएसटी और इनकम टैक्स विभाग ने एक और इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कई ठिकानों पर छापा मारा था और वहां से करीब 200 करोड़ रुपए की करेंसी, सोना वगैरा बरामद किया था। उस वक्त पीयूष जैन को समाजवादी इत्र बनाने वाला और अखिलेश का करीबी कहा गया था। इसका अखिलेश यादव ने खंडन किया था और बताया था कि पुष्पराज जैन ने समाजवादी इत्र बनाया था। अब इन्हीं पुष्पराज जैन के घर पर इनकम टैक्स ने रेड कर दी है।

 

सूत्रों के मुताबिक पुष्पराज जैन के यहां आज सुबह अचानक इनकम टैक्स की टीम पहुंची। उनकी इत्र बनाने की फैक्ट्री पर भी इनकम टैक्स की टीम आई। कई और ठिकानों पर भी रेड डाले जाने की खबर है। ये रेड लंबे समय तक चल सकती है। बता दें कि पीयूष जैन के ठिकानों पर पड़ी रेड करीब 5 दिन तक चली थी। पीयूष के कन्नौज के अलावा कानपुर, मुंबई और गुजरात के ठिकानों पर एक साथ रेड डाली गई थी। इस रेड में करोड़ों की अघोषित संपत्ति होने का खुलासा हुआ था। तभी से बीजेपी लगातार अपनी जनसभाओं में अखिलेश यादव पर आरोप लगा रही है। खुद पीएम मोदी भी ये आरोप लगा चुके हैं।

 

इससे पहले अखिलेश यादव ने दावा किया था कि पीयूष जैन से उनकी कोई जान पहचान नहीं है। अखिलेश ने पलटकर आरोप लगाया था कि बीजेपी ने अपने ही आदमी के घर रेड डाल दी है। अब पुष्पराज जैन के यहां इनकम टैक्स छापों पर वो क्या बयान देते हैं, ये देखना बाकी है।

Exit mobile version