News Room Post

Jai Hind! राष्ट्रीय ध्वज फहराने में भी भारत ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पाकिस्तान को दी पटकनी

amit shah national flag

नई दिल्ली। भारत ने एक और कीर्तिमान बना दिया है। ये कीर्तिमान है सबसे ज्यादा राष्ट्रीय ध्वज फहराने का। 23 अप्रैल को भारत ने सबसे ज्यादा राष्ट्रीय ध्वज फहराने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर पाकिस्तान को पटकनी दी। इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। संस्कृति मंत्रालय ने गिनीज रिकॉर्ड रचने की जानकारी दी है। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के मुताबिक 1857 के नायक रहे बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती के मौके पर जगदीशपुर में 5 मिनट तक 78000 से ज्यादा ध्वज लहराए गए। इस कार्यक्रम को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत किया गया था। इससे पहले भारत ने सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराने का रिकॉर्ड भी कायम किया था।

नित्यानंद राय ने बताया कि बीती 23 अप्रैल को बिहार के भोजपुर में वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव प्रोग्राम में एक साथ मौजूद लोगों ने 78220 झंडे लहराए। ऐसा करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। गिनीज के प्रतिनिधि मौके पर थे। लोगों की गिनती करने के लिए वहां उन्हें खास तरह का बैंड पहनाया गया था। गिनीज के सर्टिफिकेट में लिखा गया है कि गृह और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 23 अप्रैल 2022 को जगदीशपुर, भोजपुर, बिहार में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए ध्वज लहराते हुए सबसे ज्यादा लोग देखे गए।

इससे पहले पाकिस्तान ने करीब 18 साल पहले 56000 लोगों के हाथ अपने झंडे को लहराकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। पाकिस्तान को भी अब इस मामले में भारत ने शिकस्त दे दी है। फिलहाल रिकॉर्ड भारत के नाम है और देखना ये है कि अब कौन सा देश इस रिकॉर्ड को तोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाता है।

Exit mobile version