News Room Post

एक्टर इरफान खान के निधन पर शिवराज, गहलोत और केजरीवाल ने जताया शोक

भोपाल। बॉलीवुड के मशहूर एक्टर इरफान खान ने 54 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। बीते दिन इरफान खान को खराब स्वास्थ्य को लेकर मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें आईसीयू में एडमिट किया गया था। इरफान खान के निधन पर हर तरफ शोक की लहर है। राजनीतिक जगत भी शोक में डूब चुका है।

अभिनेता इरफान खान के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इरफान खान अभिनय शब्द की असली परिभाषा देने वाले अभिनेता थे। शिवराज सिंह चौहान ने इरफान खान के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, “मृत्यु सत्य है और शरीर नश्वर, यह सत्य जानते हुए भी हर व्यक्ति के असमय निधन पर अत्यंत दु:ख होता है। अभिनय शब्द की असली परिभाषा देने वाले अभिनेता इरफान खान के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि! अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से आप सदैव हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि!”

इरफान खान के निधन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, “मुझे हमारे देश के सबसे बहुमुखी अभिनेता इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर हैरानी हुई। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को मेरी हार्दिक संवेदना। ईश्वर उन्हें शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

इरफान खान के निधन पर शोक जाहिर करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “हमारे समय के सबसे असाधारण अभिनेताओं में से एक, इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर हैरान हूं। उनके काम को हमेशा याद रखा जाए और उनकी आत्मा को शांति मिले।”

 

Exit mobile version