News Room Post

Pak Navy Ship: गुजरात के पास पाक के जहाज की भारतीय सीमा में घुसपैठ नाकाम, कोस्ट गार्ड की चेतावनी से डरकर लौटा

सूत्रों के मुताबिक बार बार डोर्नियर विमान के चालक ने पाकिस्तानी जहाज को मैसेज भेजा कि वो भारतीय जल सीमा में घुस आया है। इसके बाद जहाज ने रुख बदला और अपनी सीमा में चला गया। पाकिस्तानी नौसेना से इस मामले में शिकायत भी की गई है।

pns alamgir

अहमदाबाद। पाकिस्तानी नौसेना की घुसपैठ की कोशिश को भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने नाकाम कर दिया। पाक का जंगी जहाज जुलाई में गुजरात के पास भारतीय समुद्री सीमा में आ गया था। रडार पर पाकिस्तान के जहाज को देखते ही तटरक्षक बल ने अपना डोर्नियर विमान भेजा। इस विमान से पाकिस्तानी जहाज को अपनी सीमा में लौटने की चेतावनी दी। जिसके बाद जहाज तुरंत वहां से लौट गया। पाक के इस जंगी जहाज का नाम पीएनएस आलमगीर है। कोस्ट गार्ड सूत्रों के मुताबिक चेतावनी देने के बावजूद पाकिस्तानी जहाज जवाब नहीं दे रहा था। इससे लगता है कि किसी साजिश के तहत जहाज भारतीय सीमा में घुसा था।

सूत्रों के मुताबिक बार बार डोर्नियर विमान के चालक ने पाकिस्तानी जहाज को मैसेज भेजा कि वो भारतीय जल सीमा में घुस आया है। इसके बाद जहाज ने रुख बदला और अपनी सीमा में चला गया। पाकिस्तानी नौसेना से इस मामले में शिकायत भी की गई है। जहाज के चालक दल से जवाब न मिलने पर कोस्ट गार्ड के डोर्नियर विमान के चालक ने उसके ऊपर से दो-तीन बार हमलावर अंदाज में उड़ान भी भरी। इसके बाद जब तक पाकिस्तानी जहाज अपनी सीमा में नहीं लौटा, तब तक उसपर नजर रखी गई।

पाकिस्तानी नौसेना के पास आलमगीर नाम के तीन जहाज रहे हैं। मौजूदा आलमगीर जहाज उसे साल 2010 में अमेरिका ने दिया था। 4100 टन वजनी ये जहाज 453 फीट लंबा है। ये 30 नॉट की रफ्तार से चलता है। इस पर दो हेलीकॉप्टर भी तैनात रहते हैं। बता दें कि पाकिस्तान ने भारत की एयर स्ट्राइक के बाद कराची के समुद्र में भारतीय पनडुब्बी देखे जाने का दावा किया था। माना जा रहा है कि इस बार पाकिस्तानी जहाज ये टोह लेने आया था कि भारतीय सीमा में प्रवेश करने पर उसे कितनी तेजी से कोस्ट गार्ड या भारतीय नौसेना रिएक्शन देती है।

Exit mobile version