News Room Post

Indigo Flight Emergency Landing : इंडिगो के विमान में बचा था सिर्फ 1 या 2 मिनट का फ्यूल, यात्रियों की हलक में अटकी रही जान

नई दिल्ली। अयोध्या से दिल्ली के लिए उड़े इंडिगो के एक विमान को खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ की तरफ ले जाया गया। इस घटना में बड़ी बात ये रही कि जिस वक्त विमान की आपात लैंडिंग कराई गई उसमें सिर्फ 1 या 2 मिनट का ही फ्यूल बचा हुआ था। ये पूरी घटना शनिवार की है। इस पूरी घटना का पता तब चला जब उस विमान में सवार एक यात्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस में डीसीपी क्राइम सतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, कल अयोध्या से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2702 में एक दु:खद अनुभव हुआ। निर्धारित समय अपराह्न 3:25 बजे प्रस्थान के बाद फ्लाइट को शाम 4:30 बजे दिल्ली लैंड करना था। शाम करीब 4:15 बजे पायलट ने घोषणा करते हुए बताया कि दिल्ली में मौसम खराब है और आश्वासन दिया कि विमान में 45 मिनट का होल्डिंग फ्यूल है। पायलट ने दो बार लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन खराब मौसम के कारण लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद भी आगे की रणनीति तय करने में काफी समय बर्बाद हुआ।

शाम 5:30 बजे (होल्डिंग ईंधन की घोषणा के 75 मिनट बाद) पायलट ने घोषणा की कि वह अंततः चंडीगढ़ में उतरने का प्रयास करेंगे। उस समय तक बहुत से यात्रियों और चालक दल के एक कर्मचारी ने घबराहट के कारण उल्टी करना शुरू कर दिया। आख़िरकार विमान शाम 6:10 बजे चंडीगढ़ में उतरने में कामयाब रहा। लैंडिंग के बाद पता चला कि विमान में केवल 1 या 2 मिनट का ईंधन बचा था और हम ऐन वक्त पर उतरे थे। यात्रियों के लिए यह कितनी कठिन परीक्षा थी।

Exit mobile version