गोरखपुर। मानवीय जीवन की व्यवस्था में गीता वह पावन ग्रन्थ है जिससे क्षेत्र, भाषा, जाति, मत, मजहब से परे सभी लोगों को निष्काम कर्म की प्रेरणा मिलती है। दुनिया में अनेक ग्रन्थ रचे गए लेकिन गीता युद्धक्षेत्र में भगवान के श्रीमुख से रचित वह ग्रन्थ है जो देश, काल, परिस्थितियों से ऊपर उठकर चराचर जगत के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। यह आने वाली पीढ़ी के लिए अमर वाक्य बनकर प्रेरणा देने का सार्वभौमिक ग्रंथ है। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह रविवार शाम गीता प्रेस में आयोजित गीता जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी प्रकृति के अनुरूप गीता के मंत्रों को अंगीकार करता है। पर, वास्तव में गीता से हमें यह प्रेरणा प्राप्त होती है कि सभी समस्याओं का समाधान निष्काम कर्म करने से ही संभव है।
शताब्दी वर्ष में 100 करोड़ धार्मिक साहित्य का लक्ष्य रखे गीता प्रेस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीता व अन्य धार्मिक साहित्य के प्रकाशन के लिए गीता प्रेस के संस्थापक सेठ जी जयदयाल गोयनका, कल्याण पत्रिका के आदि संपादक भाई जी हनुमान प्रसाद पोद्दार का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि सेठ जी ने 100 वर्ष पूर्व गीता प्रेस की स्थापना कर धार्मिक साहित्य के क्षेत्र में अद्भुत वह अनुकरणीय मानक स्थापित किए। वहीं जन जन तक कल्याण पत्रिका के जरिये सनातन संस्कृति का संवर्धन करने वाले भाई जी हनुमान प्रसाद पोद्दार मानवीय रूप में दिव्य पुरुष थे। उन्होंने कहा कि विश्व भर में रहने वाले सनातन धर्मावलंबियों के लिए गीता, गीता प्रेस और यहां से प्रकाशित होने वाला धार्मिक साहित्य आस्था का विराट केंद्र है। मुख्यमंत्री ने गीता प्रेस प्रबंधन का आह्वान किया कि वह शताब्दी वर्ष समारोह में 100 करोड़ धार्मिक साहित्य छापने का लक्ष्य रखे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चित्रमय सुंदरकांड का विमोचन भी किया और समस्त जनमानस को पावन गीता जयंती की शुभकामनाएं दीं।