News Room Post

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : राष्ट्रपति-पीएम समेत कई नेताओं ने महिलाओं को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। आज पूरी दुनिया अंतराराष्ट्रीय महिला दिवस मना रही है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने ट्वीट कर देश और दुनिया के महिलाओं को शुभकामनाएं और बधाई दी है।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, मैं सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह दिवस, समाज, देश एवं विश्व के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका तथा अथक प्रयासों के लिए, उनके प्रति सम्मान प्रदर्शित करने का अवसर है। आइए, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, हम सब महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का संकल्प दुहराएं, जिससे कि वे अपनी इच्छानुसार, अपनी आशाओं व आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में निर्बाध रूप से आगे बढ़ती रहें।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बधाई! हम अपनी ‘नारी शक्ति’ की भावना और उपलब्धियों को सलाम करते हैं। जैसा कि मैंने कुछ दिन पहले बताया था कि मैं विदा ले रहा हूं। पूरे दिन के दौरान सात सफल महिलाएं अपनी जीवन यात्राएं साझा करेंगी और मुमकिन है कि मेरे सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से वे आपसे बातचीत करेंगी।”

गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं, मैं नारी शक्ति को नमन करता हूं जिसका हमारे समाज को आकार देने में एक अहम भूमिका निभाई है। महिलाएं हमेशा हमारे जीवन में रोशनी दिखाने वाली रही हैं, उनकी  उनकी निस्वार्थता और त्याग को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी महिला दिवस पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘इस अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हम सभी प्रयासों में समावेशी विकास और समानता के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। हम एक साथ पनपे और अपने सपनों का राष्ट्र बनाएं। महिलाओं के नेतृत्व में विकास से समृद्ध एक नया भारत।’

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को सलाम करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार महिला सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “महिला दिवस पर सभी महिलाओं को सलाम।”

उन्होंने आगे लिखा, “मेरी सरकार महिला सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हमने राज्य के स्थानीय निकायों और पीआरआई (पंचायती राज इंस्टीट्यूशन) में 50 प्रतिशत आरक्षण, राज्य के बसों में 50 प्रतिशत छूट और रात में उन्हें मुफ्त ड्रॉप करने की सुविधा सहित कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।”

 

 

Exit mobile version