News Room Post

Himachal: हिमाचल प्रदेश के विधानसभा गेट पर लगा मिला खालिस्तानी झंडा, आतंकियों की घुसपैठ का अंदेशा

khalistan flag on himachal assembly gate

धर्मशाला। खालिस्तानी आतंकी फिर अपना पैर पसार रहे हैं। अब वे पंजाब से बाहर पड़ोसी राज्यों में भी घुसपैठ कर चुके हैं। इसका खुलासा हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हुआ। आज सुबह यहां हिमाचल प्रदेश विधानसभा भवन के गेट पर खालिस्तान का झंडा लगा मिला। दीवारों पर खालिस्तान के नारे भी लिखे हुए मिले। ये काम किसने किया, इसका पता अभी नहीं चला है। इससे पहले पंजाब के मलेरकोटला में डीसी दफ्तर पर भी खालिस्तान का झंडा लगा मिला था। हिमाचल के कांगड़ा जिले के एसपी कुशल शर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात या आज तड़के शायद ऐसा किया गया। हमने विधानसभा के गेट से खालिस्तान के झंडे उतार दिए हैं। उनका कहना था कि पंजाब से आए किसी शख्स ने शायद ऐसा किया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

बता दें कि खालिस्तान की मांग करने वाले आतंकवादी संगठन इसमें हिमाचल प्रदेश के भी कुछ हिस्से शामिल करने की बात लगातार करते हैं। पिछले दिनों आतंकवादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस SFJ के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नून ने वीडियो जारी कर पंजाब में सभी सरकारी दफ्तरों पर खालिस्तान का झंडा फहराने के लिए कहा था। इसके बाद मलेरकोटला में झंडा लगाया गया था। अब हिमाचल प्रदेश में झंडा लगाने का दुस्साहस खालिस्तानी तत्वों ने किया है। इसके अलावा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर पंजाब में आतंकवाद भी फैलाने की कोशिश तेजी से किए जाने की बात भी सामने आ चुकी है।

दो दिन पहले हरियाणा पुलिस ने करनाल से कुछ खालिस्तानी आतंकियों को पकड़ा था। वे महाराष्ट्र के नांदेड़ जा रहे थे। आतंकियों की गाड़ी से करनाल पुलिस ने बड़ी तादाद में विस्फोटक और हथियार बरामद किए थे। इससे पहले किसान आंदोलन के दौरान भी खालिस्तान समर्थक नारेबाजी पंजाब और दिल्ली की सीमाओं पर होने की खबर मिली थी। अब हिमाचल विधानसभा के गेट पर खालिस्तानी झंडा लगाए जाने से ये साफ हो गया है कि आतंकियों की घुसपैठ वहां भी हो गई है।

Exit mobile version