News Room Post

Vande Metro Route, Timing And Fare In Hindi: अहमदाबाद-भुज के बीच देश की पहली वंदे मेट्रो में सफर करना चाहते हैं?; जान लीजिए समय, किराया और रूट के बारे में सबकुछ

Vande Metro Route, Timing And Fare In Hindi: देश की पहली पहली वंदे मेट्रो ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद और भुज के बीच चलेगी। वंदे मेट्रो ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को बहुत सुविधा होगी। जानिए वंदे मेट्रो के किराए, समय और रूट के बारे में सबकुछ।

अहमदाबाद। आज से देश की पहली वंदे मेट्रो ट्रेन शुरू होने जा रही है। पहली वंदे मेट्रो ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद और भुज के बीच चलेगी। अहमदाबाद से भुज के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इसके 9 स्टॉप होंगे। भुज से ये सुबह 5.05 बजे रवाना होगी और 10.50 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वंदे मेट्रो ट्रेन अहमदाबाद और भुज के बीच दो चक्कर लगाएगी। हफ्ते में 6 दिन वंदे मेट्रो की सेवा मिलेगी। इससे अहमदाबाद और भुज के अलावा बीच में पड़ने वाले स्टेशनों के यात्रियों को रोज कामकाज के लिए आने और जाने में आसानी होगी।

वंदे मेट्रो का कम से कम किराया 30 रुपए रखा गया है। इसमें सफर करने वाले यात्री चाहें, तो अलग से मंथली सीजन टिकट भी बनवा सकते हैं। मंथली सीजन टिकट से वंदे मेट्रो की यात्रा करने वालों को रोज टिकट खरीदने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। वंदे मेट्रो को वातानुकूलित बनाया गया है। इसमें बैठने के अलावा यात्री खड़े होकर भी यात्रा कर सकेंगे। वातानुकूलित होने के अलावा वंदे मेट्रो ट्रेनों में तमाम और सुविधाएं भी मिलेंगी। इनमें मेट्रो की तरह स्टेशन की जानकारी भी स्पीकर और स्क्रीन से यात्रियों को मिलेगी। रेलवे का इरादा अगले कुछ साल में देश में सभी शहरों में वंदे मेट्रो चलाने का है। करीब 3000 वंदे मेट्रो ट्रेनें शहरों के बीच चलेंगी। वंदे मेट्रो ट्रेनें अब तक चल रही ईएमयू लोकल ट्रेनों को भी रिप्लेस करेगी।

वंदे मेट्रो के अलावा रेलवे अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए नई वंदे भारत ट्रेनों को भी लॉन्च कर रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड के टाटानगर से 6 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी। अब वो अहमदाबाद से 5 नई वंदे भारत ट्रेनों की भी शुरुआत करने जा रहे हैं। ये वंदे भारत ट्रेनें कई राज्यों के लिए हैं। मोदी सरकार ने ये भी तय किया है कि 2026 तक अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेनों की शुरुआत भी कर दी जाए। इसके लिए तेज रफ्तार से काम चल रहा है।

Exit mobile version