News Room Post

Leopard in Ghaziabad Court : गाजियाबाद के कोर्ट में अचानक घुसा तेंदुआ, हमले में कई घायल, घटना का Video आया सामने

नई दिल्ली। गाजियाबाद कोर्ट में आज (8 फरवरी) को ऐसी घटना घटी जिसे सुनकर और देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल कोर्ट के अंदर एक तेंदुआ घुस गया है। तेंदुए ने कोर्ट में मौजूद कई पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, तेंदुए ने एक मोची को भी घायल कर दिया है। तेंदुए की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तेंदुआ गाजियाबाद कोर्ट के लिफ्ट में घुस गया था। फिलहाल तेंदुआ कोर्ट के दूसरी मंजिल पर है। तेंदुए को घेरकर सभी दरवाजों को बंद किया गया है। जानकारी मिल रही है कि तेंदुए ने कई लोगों को घायल कर डाला।

आपको बता दें कि बुधवार को गाजियाबाद कचहरी परिसर में तकरीबन 4:15 बजे तेंदुआ अंदर घुस आया। तेंदुए ने कई लोगों पर हमला कर जख्मी कर दिया। घायलों में रेड एप्पल होटल के मालिक नमन ओझा और सरकारी अधिवक्ता प्रमोद तंवर शामिल हैं। तेंदुआ देखते ही कचहरी परिसर में भगदड़ मच गई। कुछ वकील चेंबर के अंदर ही बंद हो गए। सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल और वन विभाग की टीम पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। तेंदुए की सूचना मिलने पर कलेक्ट्रेट और विकास भवन के कर्मचारी दहशत की वजह से अपने घर चले गए। तेंदुए को देखकर कचहरी में तारीख पर आए लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

गौरतलब है कि प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक तेंदुए के हमले से कुल 6 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को संयुक्त अस्पताल और सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कोर्ट परिसर में दहशत जारी है। तेंदुए को अभी पकड़ा नहीं जा सका है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। हालांकि तेंदुए खुले में नहीं है, वो कंट्रोल में है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हमला तेंदुआ ने किया है या किसी अन्य जानवर ने इसकी जांच की जा रही है। जानवर को पकड़ने की लगातार कोशिश की जा रही है।

Exit mobile version