नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव होने में अभी आठ महीने से ज्यादा का वक्त बचा हुआ है, लेकिन राजनीतिक पार्टियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) इस तैयारी में सबसे आगे दिख रही है। लोजपा ने चुनाव को ध्यान में रखते हुए सात सदस्यों की एक समिति बनाई है जो आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी।
लोजपा ने #बिहार1stबिहारी1st विज़न डॉक्युमेंट 2020के तहत सात सदस्यीय ड्राफ़्टिंग कमेटी का गठन हुआ है।जल्द लोजपा बिहार1st बिहारी1st विज़न डॉक्युमेंट 2020 के तहत अपना घोषणा पत्र लाएगी।यह घोषणा पत्र सीधा जनता से गाव स्तर पर संवाद कर बनाया जाएगा। pic.twitter.com/YnogewvF4Q
— Chirag Paswan (@ichiragpaswan) February 12, 2020
ध्यान रहे कि लोजपा ने 2015 का विधानसभा चुनाव राजग के साथ गठबंधन में लड़ा थी। लोजपा को गठबंधन में 42 सीटें मिली थीं। उस समय राजग में लोजपा के अलावा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) भी शामिल थी।
इस बीच लोजपा ने अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लोजपा ने राज्य में उन 119 सीटों की पहचान की है, जहां भाजपा और जद-यू दोनों ही कमजोर हैं।
जानकारी मिली है कि ये सभी सीटें ऐसी हैं, जहां जद-यू या भाजपा को जीत हासिल नहीं हुई थी। पार्टी को लगता है कि इनमें से 54 सीटें ऐसी हैं, जिस पर पार्टी जीतने की स्थिति में है। जबकि 22 सीटें ऐसी हैं, जहां कांटे का मुकाबला हो सकता है। जिन 119 सीटों पर पार्टी की नजर है, उसके लिए उम्मीदवारों को चिह्न्ति करने का काम भी शुरू हो चुका है।