News Room Post

MP: ‘मामा ने दिया धोखा…पर अब चाचा पर करें भरोसा’, सतना में गरजे केजरीवाल, कांग्रेस और BJP पर साधा निशाना

Arvind Kejriwal

नई दिल्ली। नेताओं के लिए चुनाव कितनी जरूरी है ये तो आप जानते ही होंगे। जैसे ही चुनाव का समय नजदीक आता रहता है नेता-विधायक लोगों के बीच पहुंचने लगते हैं और उन्हें बड़े-बड़े दावे और वादे करते हैं। हालांकि बहुत कम ही ऐसा देखने को मिलता है कि चुनाव के दौरान किए गए ये दावे और वादे पूरे हो पाते हैं। अब जब मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार किया जा रहा है तो राजनीतिक दलों में दावे और वादे करने की होड़ मच गई है। आज रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल मध्य प्रदेश के सतना पहुंचे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में अरविंद केजरीवाल ने ना सिर्फ राज्य की शिवराज सरकार पर हमला बोला बल्कि कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साध दिया। अपने संबोधन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पार्टी का नाम लिए बगैर निशाना साधते हुए कहा कि वो सारी पुरानी सरकारों के घोटाले और उनके मंत्रियों द्वारा इकट्ठा किए गए पैसों को निकलवाएंगे।

आगे शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यहां मध्यप्रदेश में एक मामा है जिन्होंने अपने भांजे-भांजी को बहुत धोखा दिया है लेकिन अब आप अपने उस मामा पर नहीं बल्कि इस चाचा पर यानी हमारी पार्टी पर और हम पर विश्वास करें।

अपनी पार्टी का किया गुणगान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनसभा में अपनी पार्टी का बखान किया और कहा कि दिल्ली और पंजाब की जनता ये दावा करती है कि आम आदमी पार्टी सरकार को वहां 50 सालों तक कोई नहीं हरा सकता। आम आदमी पार्टी प्रमुख केजरीवाल ने कहा कांग्रेस और भाजपा दोनों को भूल जाओ हमें यहां एक मौका दो। हमारी पार्टी ईमानदार और देशभक्तों की है। अगर आप अपने बच्चों को अच्छा भविष्य, अच्छी शिक्षा देना चाहते हो तो ये काम केवल एक ही पार्टी (हमारी पार्टी) कर सकती है। पिछले साल में किसी पार्टी ने आपको चुनाव से पहले ऐसा नहीं कहा होगा कि हम बच्चों के लिए स्कूल और अस्पताल बनाएंगे। हम (आम आदमी पार्टी) ये दावा करते हैं। ऐसे में हमें वोट दीजिए।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मध्य प्रदेश में 203 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और कांग्रेस राज्य में विपक्ष की भूमिका निभा रही है। बीजेपी से पहले साल 2018 में यहां कांग्रेस की सरकार थी लेकिन बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगुवाई में कांग्रेस के कई विधायकों द्वारा बगावत कर भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया गया था। साल 2020 में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार जमींदोज हो गई थी। इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अलावा मैदान में कांग्रेस के साथ ही आम आदमी दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार भी है। अब देखना होगा कि चुनाव में किस पार्टी को जीत हासिल होती है।

Exit mobile version