News Room Post

Mamata Banerjee: राज्य की बाढ़ पर ममता बनर्जी का बड़ा आरोप, बोली, ‘बंगाल के खिलाफ बड़ी साजिश’, झारखंड सीमा तीन दिन के लिए सील

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को राज्य में आई बाढ़ के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) पर राज्य में जानबूझकर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न करने का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने कहा कि डीवीसी द्वारा अपने बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण राज्य के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दामोदर घाटी निगम के मैथन और पंचेत बांधों की पर्याप्त ड्रेजिंग नहीं की गई, जिससे जल भंडारण क्षमता में 36 प्रतिशत की कमी आई है। उनका कहना है कि इस लापरवाही के कारण बांधों से पानी छोड़ना पड़ा, जिससे पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बाढ़ की समस्या खड़ी हो गई। ममता ने इसे ‘मानव निर्मित बाढ़’ करार देते हुए कहा कि इसके पीछे एक गहरी साजिश है।

ममता का बड़ा आंदोलन का ऐलान

मुख्यमंत्री बनर्जी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया, तो इसके खिलाफ बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा, “यह बारिश का पानी नहीं है, बल्कि केंद्र सरकार के संगठन डीवीसी द्वारा छोड़ा गया पानी है। यह मानव निर्मित बाढ़ है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”


मुख्यमंत्री ने इस समस्या को लेकर केंद्र से कई बार संवाद की कोशिश की, लेकिन केंद्र ने उनकी बात नहीं सुनी। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि इस साल डीवीसी ने 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, जिसके कारण बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है।

झारखंड-बंगाल सीमा पर लगी रोक

बनर्जी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए ऐलान किया कि झारखंड-बंगाल सीमा को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड से आने वाले वाहनों को रोकने का फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि सीमा के पास सड़कों पर बाढ़ का पानी भर चुका है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने डीवीसी से सभी संबंध तोड़ने की धमकी भी दी है। उन्होंने कहा, “डीवीसी द्वारा पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर मैंने तीन बार केंद्र सरकार को जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन हमें अनसुना कर दिया गया। इसलिए अब हमने डीवीसी से अपने सभी संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है।”

बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत की तैयारी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रशासन को यह निर्देश दिया है कि बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों को जल्द से जल्द राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version