News Room Post

What Is The Truth: ममता का दावा-मिशनरीज ऑफ चैरिटी के बैंक खातों पर रोक, संस्था ने साधी चुप्पी; केंद्र ने नहीं की पुष्टि

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ये ट्वीट कर धमाका किया है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मदर टेरेसा की संस्था मिशनरीज ऑफ चैरिटी के बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी है। ममता ने आज दोपहर 3 बजे के करीब ट्वीट कर लिखा, “मैं सुनकर हैरान हूं कि इस क्रिसमस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मदर टेरेसा के मिशनरीज ऑफ चैरिटी के भारत स्थित खातों को फ्रीज कर दिया है। उनके 22000 मरीज और स्टाफ को भोजन और दवाओं के बिना रहना पड़ रहा है। कानून सबसे ऊपर है, लेकिन मानवीयता के कदमों को रोकना नहीं चाहिए।”

मिशनरीज ऑफ चैरिटी ने फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस खबर की पुष्टि अभी नहीं की है। बैंक खाते अगर फ्रीज किए गए हैं, तो इसकी वजह भी नहीं पता है। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में न्यूज एजेंसी एएफपी ने खबर दी थी कि गुजरात पुलिस जांच कर रही है कि मिशनरीज ऑफ चैरिटी ने अपने शेल्टर होम में लड़कियों को जबरन क्रॉस पहनाया और बाइबिल पढ़वाया।


बता दें कि मिशनरीज ऑफ चैरिटी पर पहले भी कई बार धर्मांतरण कराने का आरोप लगता रहा है, लेकिन अगर संस्था के बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं, तो उनकी खबर निश्चित तौर पर सरकार देती। संस्था की ओर से कुछ कहने से इनकार किए जाने से ममता बनर्जी के दावे पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि मिशनरीज ऑफ चैरिटी का मुख्यालय कोलकाता में है और देशभर में इसके ब्रांच हैं। संस्था की स्थापना संत का सम्मान और नोबल शांति पुरस्कार हासिल करने वाली मदर टेरेसा ने की थी।

Exit mobile version