News Room Post

Blue Drum Threat: ’55 टुकड़े कर ड्रम में जमा दूंगी!’, सऊदी अरब से लौटे शख्स ने पत्नी पर लगाया धमकी देने का आरोप

Blue Drum Threat: जिस शख्स ने पुलिस से पत्नी की शिकायत की है, उसका निकाह साल 2008 में हुआ था। दंपति के 4 बच्चे भी हैं। साल 2019 में वो काम करने सऊदी अरब गया था। वहां से लौटा, तो पत्नी का व्यवहार बेहद खराब दिखा। उसने पास-पड़ोस में बात की। शख्स का कहना है कि पड़ोसियों ने बताया है कि वो जब सऊदी अरब में था, तब घर पर अन्य लोगों का आना-जाना बढ़ गया था। शख्स के मुताबिक ससुराल के लोग भी उसकी मदद नहीं कर रहे।

हापुड़। बीते दिनों मेरठ से आई खबर ने सबको चौंकाया था। जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। फिर उसके शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में डालकर उसे कंक्रीट से भर दिया था। अब गढ़मुक्तेश्वर के एक शख्स ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने भी ऐसा ही करने की धमकी दी है। शख्स का कहना है कि वो इस डर से घर भी नहीं जा रहा है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि शख्स ने तहरीर दी है। उसके आरोप पर जांच कराई जा रही है। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

जिस शख्स ने पुलिस से पत्नी की शिकायत की है, उसका निकाह साल 2008 में हुआ था। दंपति के 4 बच्चे भी हैं। साल 2019 में वो काम करने सऊदी अरब गया था। वहां से लौटा, तो पत्नी का व्यवहार बेहद खराब दिखा। उसने पास-पड़ोस में बात की। शख्स का कहना है कि पड़ोसियों ने बताया है कि वो जब सऊदी अरब में था, तब घर पर अन्य लोगों का आना-जाना बढ़ गया था। शख्स ने आरोप लगाया है कि इस बाबत जब उसने पत्नी से बात की, तो उसने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। जब ससुराल वालों से बात की, तो उन्होंने भी साथ नहीं दिया। शख्स ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने पत्नी को समझाया। जिसके बाद हाल ही में पत्नी ने मेरठ कांड की बात कही और बोला कि उसकी हत्या कर शव के 55 टुकड़े कर ड्रम में कंक्रीट से जमा देगी।

मेरठ की मुस्कान पर आरोप है कि प्रेमी साहिल (दाएं) के साथ मिलकर पति सौरभ (बाएं) की हत्या कर ड्रम में लाश को कंक्रीट डालकर जमा दिया।

बता दें कि बीते दिनों मेरठ में मुस्कान नाम की महिला पर आरोप लगा है कि उसने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या की। फिर प्लास्टिक का नीला ड्रम लाई। प्रेमी के साथ मिलकर पति के टुकड़े कर इस ड्रम में डाला और फिर कंक्रीट से भर दिया। मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने जो किया, उसका खुलासा मुस्कान ने अपनी मां से किया था। जिसके बाद मुस्कान की मां ने पुलिस को जानकारी देकर बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कराया था। दोनों अभी जेल में हैं। इस घटना के बाद कई लोगों ने पत्नी पर इसी तरह से हत्या कर ड्रम में भरने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

Exit mobile version