News Room Post

Delhi Firing: दिल्ली में बदमाश बेखौफ, RK पुरम में दो गुटों की लड़ाई में चली गोलियां, 2 महिलाओं की मौत

Delhi Firing

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां शनिवार रात से शुरू हुए विवाद में दो महिलाओं को गोली लग गई। घटना में गोली लगने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब गोली लगने से घायल हुई दोनों महिलाओं की मौत की खबर सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

आरके पुरम की अंबेडकर बस्ती की है घटना 

राजधानी में घटी ये घटना आरके पुरम की अंबेडकर बस्ती में की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच पैसों को लेकर काफी समय से विवाद जारी था। शनिवार रात से ही दोनों गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया था। जुबानी जंग के बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई। बाद में एक पक्ष ने गोलीबारी करना शुरू कर दिया। इस गोलीबारी की जद में 2 महिलाएं आई जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि इस विवाद में जिन दो महिलाओं की मौत हुई हैं वो दो बहनें हैं। घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं का नाम पिंकी उम्र 30 साल और ज्योति उम्र 29 साल है। बताया जा रहा है कि आरोपियों का मृत दोनों बहनों के भाई से ये विवाद था। फिलहाल पुलिस ने इस घटना की नाजुकता को देखते हुए इलाके को सील कर दिया है। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले इसी महीने 5 जून को भी राजधानी में गैंगवॉर देखने को मिला था। ये गैंगवार जाफराबाद इलाके में 5 जून की रात को हुआ था। इस घटना में गोली लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच में बताया था कि जिन चारों को गोली लगी थी उसमें से 3 का आपराधिक बैकग्राउंड था। वो जमानत पर जेल से बाहर आए हुए थे।

Exit mobile version