News Room Post

निर्धारित तिथि से पहले पूरे देश में पहुंचा मानसून : आईएमडी

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में पहुंच गया है, जो निर्धारित तिथि से पहले हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम अनुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया, “मानसून ने आज 26 जून, 2020 तक पूरे भारत को कवर कर लिया है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के शेष हिस्सों में भी मॉनसून छाया हुआ है।”

मानसून आमतौर पर जुलाई के पहले सप्ताह तक देश के सभी हिस्सों को कवर करता है, लेकिन इस बार अरब सागर के ऊपर चक्रवात निसर्ग के बनने और केरल में मानसून की शुरुआत होने और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाले चक्रवात बनने के कारण इसने देश में मानसून को तेजी से आगे बढ़ने में मदद की।

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को मानसून की पहली बारिश हुई। आईएमडी ने इस साल की शुरुआत में अपने अनुमान में दिल्ली में 27 जून को मानसून पहुंचने की बात कही थी। 2019 में, मानसून ने 29 जून को राजधानी में दस्तक दी थी। पिछले कुछ वर्षों में, मानसून शहर में अपनी अपेक्षित तारीख से पहले आया है।

आपको बता दें कि मौसम विभाग ने यूपी-बिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती है। इसके साथ ही मानसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के शेष हिस्सों, पूरी दिल्ली, हरियाणा के कुछ हिस्सों और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ेगा।

Exit mobile version