News Room Post

मुंबई पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दाऊद का करीबी एजाज लकड़ावाला गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई पुलिस की एक टीम ने दो दशकों से फरार चल रहे कुख्यात माफिया सरगना एजाज लकड़ावाला को पटना से गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। लकड़ावाला पहले मुंबई में विभिन्न माफिया गिरोहों से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी लंबित पड़ा था।

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस कमिश्नर संतोष रस्तोगी ने बताया कि उसकी बेटी हमारी हिरासत में है। उसने हमें बहुत जानकारियां दी हैं। हमारे सूत्रों ने भी उसके पटना आने की पुष्टि की थी। हमने उसे जक्कनपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

वह पिछले दो दशकों से फरार था और कई बार दुबई, बैंकॉक और ओंटारियो जैसे स्थानों में देखा गया था। उसे मुंबई की एक अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 21 जनवरी तक हिरासत में भेज दिया गया।

बता दें कि एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने लकड़ावाला की बेटी को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। जब वह देश छोड़कर भागने की तैयारी में थी। एजाज लकड़ावाला की गिरफ्तारी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए बड़ा झटका है। वह छोटा राजन का भी करीबी था।

Exit mobile version