News Room Post

राष्ट्रपति ने केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया, 6 मंत्रियों के साथ लेंगे शपथ

नई दिल्ली। दिल्ली में केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसको लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में मुख्यमंत्री पद पर नियुक्त किया है। आपको बता दें कि केजरीवाल अपने नए कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ 16 फरवरी को लेंगे।

16 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में अरविंद केजरीवाल के साथ ही 6 विधायक मंत्री भी पद की शपथ लेंगे। इन विधायकों में मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम शामिल है।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की जबरदस्त जीत हुई है और उसे 62 सीट हासिल हुआ है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी को 8 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। वहीं इस चुनाव में कांग्रेस की बात करें तो दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनाव की तरह कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुला।

आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी (रविवार) को तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दिल्ली सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल इससे पहले साल 2013 और 2015 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं।

पिछली बार भी अरविंद केजरीवाल ने रामलीला मैदान से ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस बार भी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को एक सार्वजनिक आयोजन का रूप देने का निर्णय लिया है।

Exit mobile version