News Room Post

Vice President Election: द्रौपदी मुर्मू के बाद अब जगदीप धनखड़ ने भी विपक्ष का खेल कर दिया खत्म, इन दो बड़ी पार्टियों ने समर्थन देने का किया एलान

dhankar and modi

नई दिल्ली। पहले आदिवासी द्रौपदी मुर्मू और फिर जगदीप धनखड़। बीजेपी ने इन दो नामों से राष्ट्रपति चुनाव और उप राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष का भी खेल खत्म कर दिया है। पहले द्रौपदी मुर्मू के मामले में तमाम विपक्षी दलों ने समर्थन कर दिया। अब जगदीप धनखड़ के नाम पर दो बड़ी गैर एनडीए पार्टियों ने भी समर्थन का एलान कर दिया है। गैर एनडीए इन दोनों बड़े दलों में एक बीजू जनता दल BJD और दूसरी वाईएसआर कांग्रेस है। बीजेडी की तरफ से बताया गया है कि धनखड़ की उम्मीदवारी के बारे में पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद पार्टी के नेता और ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक से बात की थी। जिसके बाद पटनायक ने जगदीप धनखड़ को उप राष्ट्रपति पद के चुनाव में समर्थन देने का भरोसा दिया। वहीं, वाईएसआर कांग्रेस के चीफ और आंध्र प्रदेश के सीएम जगनमोहन रेड्डी ने भी समर्थन देने का एलान कर दिया है।

यूं अगर वोटों के लिहाज से देखें, तो बीजेपी खुद अपने दम पर जगदीप धनखड़ को उप राष्ट्रपति का चुनाव जिताने की स्थिति में है। इस चुनाव में प्रत्याशी के लिए लोकसभा और राज्यसभा के 780 सांसद वोट देंगे। इनमें से जीत के लिए 391 वोट चाहिए होंगे। बीजेपी के पास दोनों सदन मिलाकर ही खुद के 394 वोट हैं। ऐसे में बीजेडी और वाईएसआर कांग्रेस का समर्थन मिलने से विपक्ष को बड़ा झटका लगा है। इससे पहले भी बीजेपी ने राज्यसभा में ज्यादा संख्याबल न होने के बाद भी वेंकैया नायडू को उप राष्ट्रपति का चुनाव जिता लिया था। विपक्ष भी जानता है कि उसकी यहां भी हार निश्चित है। इसी वजह से विपक्ष के नेता बयानबाजी नहीं कर रहे हैं।

उप राष्ट्रपति पद के लिए जगदीप धनखड़ कल दोपहर बाद परचा दाखिल करने वाले हैं। कल यानी 19 जुलाई तक परचा भरा जा सकता है। 20 जुलाई को परचों की जांच होगी। 22 जुलाई तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में होंगे, तो 6 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। इसके बाद उसी दिन वोटों की गिनती भी कराई जाएगी।

Exit mobile version