News Room Post

Amritpal Singh: अमृतपाल सिंह के बारे में साथी पपलप्रीत ने किया बड़ा खुलासा, बताया अब कहां छिपा है भगोड़ा खालिस्तान समर्थक

खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह के साथी पपलप्रीत सिंह को पंजाब पुलिस ने असम के डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया है। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून समेत 6 धाराओं में केस हैं। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आए पपलप्रीत सिंह ने कई खुलासे किए हैं।

papalpreet and amritpal

अमृतसर। खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह के साथी पपलप्रीत सिंह को पंजाब पुलिस ने असम के डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया है। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून समेत 6 धाराओं में केस हैं। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आए पपलप्रीत सिंह ने कई खुलासे किए हैं। उसने पुलिस को बताया है कि वो और अमृतपाल सिंह पटियाला, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के पीलीभीत गए थे। वहां से पंजाब लौटे। पपलप्रीत सिंह ने बताया है कि अमृतपाल सिंह अब भी पंजाब में है। वो पहले सरेंडर करने की तैयारी भी कर रहा था।

पपलप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया है कि पिछले हफ्ते पुलिस ने जब उनका पीछा किया, तब वो और अमृतपाल सिंह अलग-अलग हो गए। ये भी जानकारी दी कि उसने ही अमृतपाल सिंह के वीडियो बनाकर जारी किए थे। इसके अलावा उसने बताया कि हर जगह अमृतपाल के रुकने का बंदोबस्त वही करता था। पपलप्रीत ने बताया है कि भगोड़ा होने के दौरान उसने और अमृतपाल ने कार, बस से सफर किया। लोगों से लिफ्ट भी ली। हरियाणा के शाहबाद की बलजीत कौर, दिल्ली की कुलविंदर कौर और पटियाला की बलबीर कौर उससे परिचित हैं। इन तीनों ने अमृतपाल और उसे शरण दी थी। तीनों को ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक पपलप्रीत के पाकिस्तान स्थित लोगों से भी संपर्क हैं।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को कहा था कि हर वांछित को गिरफ्तार जरूर किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि पंजाब में अस्थिरता फैलाने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की कोशिशों को किसी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा। अमृतपाल सिंह 18 मार्च से ही भगोड़ा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दिन रात लगी है। पंजाब पुलिस के जवानों की छुट्टियां भी 14 अप्रैल तक रद्द कर दी गई हैं।

Exit mobile version