News Room Post

PM Modi on Odisha Train Accident: ‘…उसे बख्शा नहीं जाएगा’, बालासोर ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने के बाद बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के बालासोर पहुंचे। जहां बीते शनिवार को दुर्भाग्यपूर्ण ट्रेन हादसा हुआ था। इस हादसे में तकरीबन 250 लोगों की जान जाने की खबर है। वहीं 900 से भी अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार  बालासोर के नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। उधर, रेलवे की ओर से इस हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया गया है। वहीं, पीएम मोदी ने हादसे वाली जगह का जायजा लिया। पीएम मोदी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और कैबिनेट सचिव से फोन पर भी बात की। इसके अलावा पीएम मोदी ने कटक के अस्पताल में उपचाराधीन यात्रियों से भी मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना। इस बीच पीएम मोदी ने मीडिया से बातचीत के दौरान क्या कुछ कहा है। आइए, आगे आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।

क्या बोले पीएम मोदी ?

पीएम मोदी ने हादसे वाली जगह और अस्पताल में उपचाराधीन यात्रियों से मिलने के बाद मीडिया से कहा कि “यह एक दर्दनाक घटना है। सरकार घायलों के इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह एक गंभीर घटना है, हर कोण से जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। दोषी पाए जाने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। रेलवे ट्रैक बहाली की दिशा में काम कर रहा है। मैंने उनसे मुलाकात की।”

इन लोगों का किया शुक्रिया 

इसके अलावा पीएम मोदी ने ओडिशा सरकार, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय लोगों का शुक्रिया किया। पीएम मोदी ने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद के बदौलत ही राहत एवं बचाव कार्य को तेजी मिल पाई। वहीं स्थिति को सामान्य करने के लिए हमारी कोशिश जारी है। बता दें कि पीएम मोदी से पहले घटनास्थल पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहुंची थी। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान स्पष्ट कर दिया था कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि स्थिति को सामान्य बनाने का है। ममता ने कहा कि मैं खुद तीन मर्तबा रेल मंत्री रह चुकी हूं। लिहाजा मैं वर्तमान की संवेदनशील स्थिति को समझ सकती हूं। वहीं, इस हदासे को लेकर सियासत भी तेज हो चुकी है। विपक्षी दलों ने रेल मंंत्री अश्विनी वैष्णव का इस्तीफा भी मांगा है। इस बारे में जब अश्विनी वैष्णव से मीडिया द्वारा सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया, सिर्फ इतना ही कहा कि हमें मौजूदा स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

Exit mobile version