News Room Post

PM Modi Bengaluru Visit: मिशन दक्षिण भारत पर PM मोदी, कर्नाटक पहुंचे प्रधानमंत्री, दी ये बड़ी सौगातें, जानिए उनके संबोधन की मुख्य बातें

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश में अपनी राजनीतिक बिसात बिछाने की दिशा में एक्शन मोड में आ चुके हैं। इसी कड़ी में आज वे दक्षिण भारत की ओर रवाना हुए। बता दें कि प्रधानमंत्री चार राज्यों की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए हैं। इस बीच आज वे कर्नाटक पहुंचे हैं। जहां उन्होंने सबसे पहले प्रदेशवासियों के लिए आरएस रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन और भारत गौरव काशी ट्रेन की शुरुआत की। यह देश की पांचवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है, जो कि बैंगलुरु-मैसुर रूट पर चलेगी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। आइए, आगे आपको उनके संबोधन से जुड़ी मुख्य बातें बताते हैं।

जानिए, पीएम मोदी के संबोधन की मुख्य बातें

अपने संबोधन के शुरुआती क्षण में जहां प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया, तो वहीं पूर्व की सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार की वजह से प्रदेश में विकास कार्य दोगुनी गति से हो रहे हैं, जिससे सीधा फायदा आम जनता को पहुंच रहा है। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि आज देश में दो महान संतों की जयंती है। एक तरफ जहां संत रविदास ने हमारे समाज का मार्गदर्शन किया, तो वहीं दूसरी तरफ ओनके ओबव्वा ने हमें गोरवयुक्त राष्ट्र प्रदान किया।

उन्होंने आगे कहा कि आज हमारे देश में पांचवीं वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्धाटन हो चुका है, जो कि हमारे देश की तरक्की का सबूत है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद लोगों की मांग की पूर्ति की गई है। बता दें कि प्रदेश में लोग ट्रेन को नई रफ्तार देने की दिशा में पहले से ही कार्य में जुटे हुए थे।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सार्वजनिक सभा में भी शामिल हुए। जहां मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने उनका स्वागत किया। इस बीच पीएम मोदी ने बेंगलुरु में नादप्रभु केम्पेगौड़ा की 108 फीट की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। बता दें कि इसे समृद्धि की मूर्ति भी कहा जाता है, जिसे देखने के लिए प्रदेश के कई लोग पहुंच रहे हैं। आपको बता दें कि पीएम मोदी रोड शो में भी शामिल हुए, जहां लोगों ने उनका जमकर स्वागत किया है। जहां देखो वहीं मोदी–मोदी के नारे लग रहे थे। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी दक्षिण भारत मिशन के तहत चारों राज्यों के लोगों को 25 हजार करोड़ की सौगात देंगे।

 

ध्यान रहे कि उत्तर भारत की तुलना में दक्षिण भारत में बीजेपी का दबदबा कम है। वहां क्षेत्रिय दलों का ही डंका बजता है, जिसे ध्यान में रखते हुए अब पीएम मोदी द्वारा उठाया जा रहा उपरोक्त कदम काफी उपयोगी माना जा रहा है। ध्यान रहे कि बीते दिनों अमित शाह भी मिशन दक्षिण भारत की ओर रवाना हुए थे। जहां उन्होंने एक तरफ अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया था, तो वहीं दूसरी तरफ पूर्व की सरकारों के नाम आलोचनाओं की दरिया बहाई थी।

Exit mobile version