News Room Post

PM Modi on Women Reservation Bill: ‘कल संसदीय यात्रा का एक स्वर्णिम क्षण था’, लोकसभा से पास होने पर महिला शक्ति वंदन बिल पर बोले PM मोदी

नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल 454 वोटों के साथ लोकसभा से पास होने के बाद आज राज्यसभा में पेश किया जाएगा। फिलहाल बिल पर चर्चा का सिलसिला जारी है। बीते बुधवार को लोकसभा में बिल पर आठ घंटे तक चर्चा हुई थी। सभी ने खुलकर इसके पक्ष-विपक्ष में अपनी बातें रखीं थीं। हालांकि, अधिकांश संसद सदस्यों ने बिल का समर्थन किया था। राहुल गांधी से लेकर सोनिया गांधी तक ने बिल का समर्थन किया था। उधर, ओवैसी ने बिल में मुस्लिम महिलाओं को आरक्षण दिए जाने की मांग की थी। वहीं राहुल ने OBC महिलाओं को बिल में आरक्षण दिए जाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि इस देश में कुल 90 सचिव हैं, लेकिन OBC समुदाय के दो ही सचिव हैं। जिस पर अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि इन महानुभाव को शायद यह नहीं पता है कि इस देश को सचिव नहीं, बल्कि सरकार चलाती है। उधर, जब सत्तापक्ष की ओर से अमित शाह ने बिल के पक्ष में बोलना शुरू किया, तो राहुल संसद से बाहर चले गए, जिस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि जिसे जाना है, जाने दीजिए।

वहीं, विपक्ष की ओर से यह भी सवाल पूछा गया कि आखिर बिल को कब तक लागू किया जाएगा?, क्योंकि बताया जा रहा है कि यह बिल आगामी 2029 में ही कानून का रूप धारण करेगा, जिस पर एक गुट द्वारा लगातार आपत्ति जताई जा रही है। बता दें कि संसद में कांग्रेस की पूर्व अध्य़क्ष सोनिया गांधी ने भी सरकार से सवाल पूछा कि आखिर बिल कब कानून बनने जा रहा है? क्या सरकार इसकी तिथि बताने की स्थिति में है। हालांकि, अभी तक कोई तारीख नहीं बताई गई है, लेकिन सरकार ने यह आश्वस्त किया है कि जल्द ही बिल को कानून का रूप दिया जाएगा।

वहीं, महिला वंदन शक्ति बिल के लोकसभा में पास होने पर पीएम मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के साथ नए सदन की शानदार शुरुआत हुई है। इससे महिलाओं के नेतृत्व में विकास को अभूतपूर्व गति मिलने वाली है। इसे जिस प्रकार से सभी राजनीतिक दलों का ऐतिहासिक समर्थन मिला है, वह विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि में मील का पत्थर साबित होगा। मैं सभी सांसदों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

उधऱ, आज प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में महिला शक्ति वंदन बिल के लोकसभा में पास होने पर कहा कि, ‘”कल भारत की संसदीय यात्रा का एक स्वर्णिम क्षण था। इस सदन के सभी सदस्य उस स्वर्णिम क्षण के पात्र हैं…कल का निर्णय और आज जब हम राज्यसभा (आज विधेयक पारित होने) के बाद अंतिम पड़ाव पार कर रहे हैं, चेहरे में परिवर्तन देश की नारी शक्ति पर जो विश्वास बनेगा, वो एक अकल्पनीय और अभूतपूर्व शक्ति बनकर उभरेगी, जो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। ये मैं महसूस कर सकता हूं।”

ध्यान दें, इससे पहले पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में इसे समय की जरूरत बताया था। उन्होंने महिला के हित में अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया था। बहरहाल, लोकसभा से बिल पास होने के बाद आज इसे राज्यसभा में पेश किया जाएगा। राज्यसभा में बिल को लेकर स्थिति कैसी रहती है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Exit mobile version