News Room Post

Modi Slams Opposition: लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी का फिर विपक्ष पर निशाना, Video में देखिए क्या बोले प्रधानमंत्री

modi red fort 5

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने नाम लिए बिना आज एक बार फिर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले पर झंडारोहण करने के बाद देश के नाम संबोधन दिया। अपने संबोधन में मोदी ने देशवासियों को अपने परिवार का सदस्य बताया और अपनी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं, किसानों, माताओं-बहनों और कामगारों को देश के विकास में बहुत योगदान करने वाला बताया। इसके साथ ही मोदी ने एक बार फिर नाम लिए बिना विपक्षी दलों पर निशाना साधा। मोदी ने ये निशाना तीन बुराइयों का उल्लेख कर विपक्षी दलों पर लगाया।

मोदी ने देश के लिए तीन बुराइयों के तौर पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण का उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के लिए जंग लड़ना उनके जीवन का कमिटमेंट है। मोदी ने इसके साथ ही परिवारवाद को लेकर भी विपक्ष को घेरा। मोदी ने कहा कि परिवारवाद ने देश को जकड़कर रखा और आम लोगों का हक छीन लिया। मोदी ने तुष्टीकरण की नीति का उल्लेख तीसरी बुराई के तौर पर किया और विपक्ष पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि तुष्टीकरण ने राष्ट्रीय चरित्र को दाग लगाया और सामाजिक न्याय को तबाह करने का काम किया। उन्होंने देशवासियों का आह्वान किया कि वे इन तीन बुराइयों को दूर करने में साथ दें।

मोदी ने इससे पहले विपक्षी दलों के गठबंधन के बारे में ऐसा ही बयान संसद में भी दिया था। उन्होंने विपक्ष के नए गठबंधन I.N.D.I.A को ‘घमंडिया’ भी बताया था। मोदी ने संसद में कहा था कि विपक्ष ने यूपीए का अंतिम संस्कार किया है। उन्होंने कहा था कि घमंड ने कांग्रेस को 400 से 40 सीटों पर पहुंचा दिया है। देश में अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में विपक्षी दलों और उनके गठबंधन पर पीएम मोदी लगातार निशाना साध रहे हैं। आज भी स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने लालकिले की प्राचीर से विपक्ष को अपने अंदाज में निशाने पर लिया।

Exit mobile version