News Room Post

Puducherry: मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय बनाने की बात कहकर बुरे फंसे राहुल, PM मोदी ने भी लगाई क्लास

नई दिल्ली। पुडुचेरी (Puducherry) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन भी मौजूद रहीं। इसके बाद पीएम मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। इस दौरान पीएम मोदी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय वाले बयान पर भी जमकर बरसे। बता दें कि पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब पुडुचेरी में सियासी संकट के बाद राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया है।

पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज

पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता यहां आकर कहते हैं कि हम मछुआरों के लिए मत्स्यपालन मंत्रालय बनाएंगे, मैं हैरान था। सच ये है कि मौजूदा एनडीए सरकार ने 2019 में मछुआरों के लिए मंत्रालय बनाया था।

कांग्रेस को तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे औपनिवेशिक शासकों की बांटो और राज करो की ​नीति थी, कांग्रेस की बांटो, झूठ बोलो और राज करो की नीति है। वो झूठ बोलने में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल विजेता हैं। कांग्रेस दूसरों को लोकतंत्र विरोधी कहने का कोई मौका नहीं छोड़ती, उन्हें खुद को शीशे में देखने की जरूरत है। उन्होंने हर संभव तरह से लोकतंत्र का अपमान किया। पुडुचेरी में उन्होंने पंचायत के चुनाव कराने से मना कर दिया।


पीएम मोदी ने कहा कि हाईकमांड कांग्रेस सरकार ने पुडुचेरी में शासन के हर सेक्टर को नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस लोगों के लिए काम करने में विश्वास नहीं करती है, मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों नहीं चाहती कि कोई दूसरा लोगों के लिए काम करे।

पीएम बोले, 2016 में पुडुचेरी के लोगों ने बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस के लिए वोट किया, उन्हें लगा कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। 5 साल बाद लोग निराश हैं, उनके सपने और उम्मीदें टूट चुकी हैं।

पीएम मोदी ने पुडुचेरी में कई परियोजनाओं की शुरुआत की

इससे पहले पुडुचेरी पहुंचने पर, उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 45-ए के एक हिस्से के चार लेन सहित चार परियोजनाओं के लिए शिलान्यास समारोह में भाग लिया, जो तमिलनाडु को केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी से जोड़ता है। 56 किलोमीटर लंबी सत्तनाथपुरम-नागपट्टिनम परियोजना की लागत लगभग 2,426 करोड़ रुपये होगी। किसानों की उपज को बेहतर बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अच्छी सड़कों की आवश्यकता पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि एनएच-45-ए के चार लेन से क्षेत्र में उद्योग भी आकर्षित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री ने कराईकल में एक मेडिकल कॉलेज भवन और पुडुचेरी में एक बंदरगाह के विकास की आधारशिला भी रखी। बंदरगाह चेन्नई को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और केंद्र शासित प्रदेश में उद्योगों के लिए कार्गो मूवमेंट की सुविधा भी प्रदान करेगा। पुडुचेरी में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा।

सोमवार को नाटकीय घटनाक्रम में, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी और कांग्रेस नीत सरकार के विधायक फ्लोर टेस्ट से पहले विधानसभा से बाहर चले गए थे, और बाद में हार मान ली।

Exit mobile version