News Room Post

Lata Mangeshkar Demise: लता दीदी को अंतिम श्रद्धांजलि देने शाम को मुंबई पहुंचेंगे PM मोदी, शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली। स्वर कोकिला और भारत रत्न लता मंगेशकर का आज सुबह निधन हो गया। वो पिछले करीब 1 महीने से मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती थीं। कई बार उनकी तबीयत बिगड़ी, लेकिन हर बार उन्होंने मौत को मात दी। उनके निधन से शोकाकुल पीएम नरेंद्र मोदी आज शाम अंतिम संस्कार से पहले लता दीदी को श्रद्धांजलि देने मुंबई जाएंगे। मोदी शाम करीब साढ़े 4 बजे मुंबई पहुंचेंगे। वो सीधे पैडर रोड स्थित लता मंगेशकर के घर जाएंगे। केंद्र सरकार ने दुख की इस घड़ी में देश में 2 दिन के राष्ट्रीय शोक का एलान किया है। इस दौरान सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे और राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर आज दोपहर 3 बजे तक आम और खास लोगों के अंतिम दर्शन के लिए घर पर रखा जा रहा है। इसके बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार आज होगा। अभी ये जानकारी नहीं है कि लता दीदी को मुखाग्नि कौन देगा। माना जा रहा है कि उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर के परिवार से मुखाग्नि दी जाएगी। लता मंगेशकर ने शादी नहीं की थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि पिता दीनानाथ मंगेशकर के निधन के वक्त भाई-बहन छोटे थे। परिवार को संभालना था। इसी में वो जुट गईं और शादी नहीं कर सकीं।

लता मंगेशकर ने अपने करियर में 30 हजार से ज्यादा गीत गाए थे। हिंदी के अलावा मराठी और अन्य भाषाओं में उन्होंने गीत गाए। ताजा दौर को छोड़ दें, तो ज्यादातर हिरोइन को उन्होंने फिल्मों में अपनी आवाज दी थी। लता दीदी ने सबसे पहले 1949 में फिल्म ‘महल’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इस गीत का संगीत खेमचंद प्रकाश ने दिया था और फिल्म में इसे मधुबाला पर फिल्माया गया था। ‘मुगल-ए-आजम’ के मशहूर गीत ‘प्यार किया तो डरना क्या’ में अलग इफेक्ट लाने के लिए संगीतकार नौशाद अली ने ये गीत लता दीदी से बाथरूम में गवाया था।

Exit mobile version