News Room Post

Hathras Stampede: हाथरस भगदड़ मामले में भोले बाबा के मुख्य सेवादार और सत्संग के आयोजकों पर केस दर्ज, मृतक संख्या बढ़कर 121 हुई

हाथरस। यूपी के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ में भोले बाबा यानी नारायण साकार विश्व हरि के सत्संग में भगदड़ मामले में पुलिस ने मुख्य सेवादार मधुकर और कार्यक्रम के अन्य आयोजकों पर केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110, 126(2), 223 और 238 के तहत ये केस दर्ज किया गया है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहले ही भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ की जांच बिठा दी है। योगी ने ये भी साफ कहा है कि घटना के जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।

भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ के कारण मृतकों की संख्या 121 हो गई है। इनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। 28 अन्य लोग घायल हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनास्थल की फोरेंसिक टीम ने जांच की है। उधर, घटना के बाद अपने मैनपुरी स्थित आश्रम पहुंचे भोले बाबा को पुलिस तलाश रही है। भोले बाबा का कुछ अता-पता नहीं चल रहा है। सत्संग में भगदड़ के बारे में भोले बाबा का कोई बयान भी खबर लिखे जाने तक नहीं आया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया है कि सत्संग के बाद जब भोले बाबा कार में बैठकर जा रहे थे, तब उनके भक्तों में पैर छूने की होड़ मच गई। उसी की वजह से आपाधापी मची और लोग गिरने शुरू हो गए। जिनको भीड़ ने कुचल दिया। नीचे आप हादसे में मृत लोगों के नाम की लिस्ट देख सकते हैं।

हाथरस में जिस जगह भोले बाबा का सत्संग था, वो एक खेत है। बारिश के कारण खेत में काफी कीचड़ था। बताया जा रहा है कि जो लोग नीचे गिरे, उनके नाक और मुंह में कीचड़ भर गई। कीचड़ भरने के कारण वे सांस नहीं ले पा रहे थे और ऊपर से लोग उनको कुचलते हुए आगे बढ़ते गए। इसी वजह से लोगों की बड़ी तादाद में मौत हुई। हालांकि, इस बारे में जांच के बाद ही हकीकत सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल तो भोले बाबा की तलाश है। ताकि घटना के कारणों को और पुख्ता किया जा सके।

Exit mobile version