News Room Post

Rajasthan: गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले राजेंद्र गुढ़ा के घर अचानक पहुंची पुलिस, जानें क्या है माजरा

rajendra gudha

नई दिल्ली। बीते कुछ दिनों से राजस्थान की सियासत में भूचाल लाने वाले पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा सुर्खियों में है। राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री और गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाने वाले राजेंद्र गुढ़ा के घर जोधपुर पुलिस पहुंची है। राजेंद्र गुढ़ा के घर पर अचानक पुलिस के आने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुलिस पॉक्सो एक्ट के एक मामले में पूर्व मंत्री के घर जानकारी जुटाने पहुंची है। सूत्रों के मुताबिक, गुढ़ा के खिलाफ एक्शन भी लिया जा सकता है। हालांकि पुलिस ने मामले को लेकर कोई खास जानकारी नहीं दी। बताया जा रहा है कि एक पुराने मामले में पुलिस गुढ़ा के जयपुर स्थित निवास पर पूछताछ करने पहुंची। लेकिन उस दौरान पूर्व मंत्री अपने घर पर नहीं थे।

ज्ञात हो कि राजेंद्र गुढ़ा ने लाल डायरी दिखाकर गहलोत सरकार को कटघरे में खड़ा किया था। हाल ही में राजेंद्र गुढ़ा ने लाल डायरी के कुछ पन्ने जिसमें उन्होंने सीएम अशोक गहलोत के ओएसडी सौभाग सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा गुढ़ा की लाल डायरी में सीएम गहलोत के बेटे को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का प्रेसिडेंट बनाने के लिए पैसों की धांधली का भी जिक्र किया था। बता दें कि राजेंद्र गुढ़ा सीएम गहलोत के करीबी माने जाते थे।

ज्ञात हो कि राजेंद्र गुढ़ा उस वक्त सुर्खियों में आए, जब राजस्थान विधानसभा में मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए अपनी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि हम महिलाओं की सुरक्षा में असफल हो गए। राजस्थान में महिलाओं के ऊपर जिस तरह से अत्याचार बढ़े है। मणिपुर की बजाए हमें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। हालांकि अपनी सरकार पर सवाल उठने के बाद उनको मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था।

Exit mobile version