News Room Post

Politics : चुनावी टाइमिंग में उलझे अरविंद केजरीवाल, गुजरात पर निशाना साधा तो आदमपुर में हारे, MCD में मुसीबत के संकेत?

नई दिल्ली। पंजाब में मिली शानदार जीत के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा की ओर भी देख रही है। इसीलिए कहा जा रहा था कि पार्टी के लिए आदमपुर उपचुनाव बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। लेकिन वर्तमान आंकड़ों के हिसाब से पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चिंता सता सकती है। इस पूरे सियासी घटनाक्रम में एक खास एंगल टाइमिंग का भी नजर आ रहा है। इसमें केजरीवाल का व्यस्त रूप दिखाई देता है। अब सवाल यह है कि कहीं आदमपुर उपचुनाव के नतीजे एमसीडी चुनाव के संकेत तो नहीं हैं।


आइए समझते हैं मौजूदा स्थिति क्या है
दरअसल खबर ये है कि सीट पर भारतीय जनता पार्टी के भव्य बिश्नोई ने जीत हासिल कर ली है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश हैं। जबकि, आप तीसरे स्थान पर है। चौथे नंबर पर इंडियन नेशनल लोक दल के नेता कुर्दा राम नंबरदार हैं।

आप के लिए क्यों बेहद महत्वपूर्ण था आदमपुर का उपचुनाव

आपको बता दें हरियाणा, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का गृह राज्य है। ऐसे में हरियाणा में आम आदमी पार्टी की मौजूदगी केजरीवाल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है अब जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार बना चुकी है इसीलिए हरियाणा की ओर देखना लाजमी है, आदमपुर का चुनाव आम आदमी पार्टी के लिए गेटपास के तौर पर काम कर सकता था।

केजरीवाल के लिए टाइमिंग कैसे बन रही है चुनौती

इस वक्त 6 राज्यों की 7 सीटों पर उपचुनाव के बीच गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर शोर से जारी हैं। ऐसे में पार्टी आदमपुर के बजाए इन दोनों राज्यों में ज्यादा सक्रिय नजर आ रही है। हालांकि, केजरीवाल पहाड़ी राज्य से ज्यादा गुजरात प्रचार में लगे हुए हैं। कहा जा रहा है कि जुलाई के बाद आप प्रमुख या कोई बड़ा नेता पहाड़ी राज्य में सक्रिय नहीं दिखा।

क्या हैं MCD के लिए संकेत?
गौरतलब है कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली यानी MCD चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है। चुनाव आयोग के अनुसार, 4 दिसंबर को मतदान होगा और 7 दिसंबर को नतीजों का ऐलान होगा। इधर, गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनाव के नतीजे भी 8 दिसंबर को जारी होने वाले हैं। हालांकि, हिमाचल में तो मतदान 12 नवंबर को पूरो हो जाएगा, लेकिन गुजरात में प्रक्रिया 5 दिसंबर तक जारी रहेगी। बीजेपी और आम आदमी पार्टी दोनों दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए तैयारियों में जुटी हुई है और साथ ही साथ एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगा रही हैं।

Exit mobile version