News Room Post

Poll of Polls: बिहार चुनाव को लेकर हुए इन एग्जिट पोल्स में महागठबंधन सबसे आगे, NDA को इतनी सीटें

Poll of Polls

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरणों की वोटिंग समाप्त हो चुकी है। अब वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी, लेकिन उससे पहले तमाम एग्जिट पोल्स ने बिहार चुनाव में भाग लेने वाली राजनीतिक पार्टियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। बता दें कि एग्जिट पोल वैसे असली नतीजे तो नहीं होते लेकिन इन पोल्स के जरिए अनुमान जरूर लगाया जाता है कि राज्य की जनता का झुकाव किस तरफ है। बात करें टाइम्स नाउ के अपने एग्ज़िट पोल की तो इस पोल में एनडीए गठबंधन को 116 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा महागठबंधन टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में भी बिहार में सबसे बड़ा गठबंधन बनकर उभरा है। सीटों की बात करें तो इस पोल में महागठबंधन को 120 सीटें मिलती नज़र आ रही हैं। वहीं एलजेपी को टाइम्स नाउ के एग्ज़िट पोल में 1 सीटें ही मिली हैं। जबकि अन्य को 6 सीटें मिलती दिख रही हैं।

टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल

न्यूज 18 और टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में महागठबंधन को 180 सीटें मिल सकती हैं तो एनडीए 55 सीटों पर सिमट सकती है, अन्य के खाते में 8 सीटें जात सकती हैं।

एबीपी न्यूज और सी-वोटर्स

एबीपी न्यूज और सी-वोटर्स के सर्वे में किसी को बहुमत मिलते नहीं दिख रहा और त्रिशंकु विधानसभा के आसार हैं। बीजेपी-जदयू गठबंधन को 104-128 सीटें मिल सकती हैं। जबकि राजद-कांग्रेस के महागठबंधन को 108-131 सीटें मिलने के आसार हैं। अन्य पार्टियों को 5से 11 सीटें मिल सकती हैं।

दैनिक भास्कर-एग्ज़िट पोल

दैनिक भास्कर के एग्ज़िट पोल में बिहार में एनडीए को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। एनडीए को भास्कर के एग्जिट पोल में 120-127 सीटें मिल रही हैं। वहीं महागठबंधन को भास्कर के एग्जिट पोल में 71-81 सीटें ही दी गई हैं। बता दें कि भास्कर के एग्जिट पोल में एलजेपी को 12-23 सीटें मिल रही हैं। जोकि LJP के लिए अच्छी खबर है। वहीं अन्य पार्टियां 19-27 सीटें जीत रही हैं।

रिपब्लिक जन की बात एग्जिट पोल

रिपब्लिक जन की बात एग्जिट पोल में भी NDA पिछड़ता नजर आ रहा है और तेजस्वी यादव का जादू चलता दिख रहा है। महागठबंधन को इस बार 118- 138 सीटें मिलती नज़र आ रही हैं। जबकि नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए 91-117 सीटों पर सिमटती नज़र आ रही हैं।

टीवी 9 भारतवर्ष-एग्जिट पोल

टीवी 9 भारतवर्ष के एग्जिट पोल में भी महागठबंधन एनडीए से आगे चल रहा है, फिलहाल देखना ये है कि नतीजे क्या आते हैं। इस पोल में जहां एनडीए को 110-120 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, वहीं महागठबंधन को 115-125 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। अन्य को इस एग्जिट पोल में 13-18 सीटें दी गई हैं।

न्यूज X के एग्जिट पोल

न्यूजX के एग्जिट पोल ने भी बिहार में कांटे की टक्कर बताई है। एनडीए को 110 से 117 सीटें मिल सकती हैं। महागठबंधन को 108 से 123 सीटें मिल सकती हैं। एलजेपी 4-10 सीटों पर जीत सकती है, अन्य को 8-23 सीटें मिल सकती हैं।

2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी को सबसे ज्यादा 80 सीटों पर जीत मिली थीं। वहीं दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू थी, जिसे 71 सीटें हासिल हुई थीं। इसके अलावा बीजेपी को 54, कांग्रेस को 27, एलजेपी को 2, आरएलएसपी को 2, हम को 1 और अन्य के हिस्से में 7 सीटें गई थीं।

Exit mobile version