News Room Post

Emmanuel Macron In India: आज से भारत के दौरे पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों, पीएम मोदी संग जयपुर में करेंगे रोड शो; गणतंत्र दिवस के भी हैं मुख्य अतिथि

Emmanuel Macron In India: इमैनुअल मैक्रों के भारत दौरे पर फ्रांस ने कहा है कि भारत के इस राष्ट्रीय दिवस का न्योता अभूतपूर्व है। फ्रांस के मुताबिक भारत से उसकी अटूट दोस्ती और आपसी विश्वास इस न्योते के जरिए दिखता है।

PM Modi And Macron

नई दिल्ली। भारत के दोस्त फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों आज से 2 दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे। वो आज राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचेंगे। जयपुर में पीएम नरेंद्र मोदी खुद मैक्रों का स्वागत करेंगे। दोनों के बीच ताज रामबाग पैलेस होटल में बैठक होगी। इस दौरान रक्षा, व्यापार, जलवायु, स्वच्छ ऊर्जा और छात्रों व पेशेवरों के वीजा पर दोनों देशों के बीच कई समझौते होने की उम्मद है। साथ ही हमास-इजरायल युद्ध, यूक्रेन-रूस युद्ध, लाल सागर में बिगड़ते हालात पर भी मोदी और मैक्रों के बीच चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

मैक्रों और मोदी जयपुर में 6 घंटे तक रहेंगे। मोदी के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों आमेर का किला, हवामहल और जंतर-मंतर भी जाएंगे। दोनों नेता साथ रोड शो करेंगे। मोदी की तरफ से मैक्रों को रात्रिभोज भी जयपुर में दिया जाएगा। फिर दोनों गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में मैक्रों जहां मुख्य अतिथि हैं। वहीं, उनके देश की सेना का 95 सदस्यीय मार्चिंग दस्ता और 33 सदस्यों वाला बैंड भी हिस्सा लेने वाला है। फ्रांस के मार्चिंग दस्ते में 6 भारतीय जवान भी हैं। इनके अलावा फ्रांस की वायुसेना के राफेल और टैंकर विमान भी गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे।

इमैनुअल मैक्रों के भारत दौरे पर फ्रांस ने कहा है कि भारत के इस राष्ट्रीय दिवस का न्योता अभूतपूर्व है। फ्रांस के मुताबिक भारत से उसकी अटूट दोस्ती और आपसी विश्वास इस न्योते के जरिए दिखता है। भारत और फ्रांस के बीच काफी पुरानी दोस्ती है। हमेशा रक्षा मामलों और तकनीकी में भारत की मदद फ्रांस ने की है। फ्रांस से सबमरीन और राफेल के अलावा अन्य लड़ाकू विमान भी भारत खरीदता रहा है। भारत ने नौसेना के लिए फ्रांस से 26 और राफेल विमान खरीदने का फैसला किया है। इसके अलावा नौसेना के लिए 3 पनडुब्बी भी फ्रांस की मदद से तैयार की जानी हैं। भारत ने दो साल पहले फ्रांस से वायुसेना के लिए राफेल विमान लिए थे। ये सभी 36 विमान फ्रांस ने भारत को दे दिए हैं। इनके अलावा फ्रांस से तमाम हथियार भी भारत को जरूरत के वक्त मिलते रहे हैं।

Exit mobile version