News Room Post

UP Election 2022: एक ही फ्लाइट में दिखे अखिलेश और प्रियंका, जानिए क्या है सियासी मायने

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में साल 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। यूपी चुनाव से पहले सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्ष दल यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरने की पूरी कोशिश में जुट गए हैं। इसी बीच यूपी की सियासत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल शुक्रवार को एक ही फ्लाइट में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों एक साथ दिखाई दिए। अखिलेश और प्रियंका गांधी के बीच मुलाकात की खबरें सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच फ्लाइट में मुलाकात हुई है। दिल्ली से लखनऊ आने के दौरान अखिलेश और प्रियंका के बीच मुलाकात हुई है।

तस्वीर में देखा जा सकता है कि अखिलेश और प्रियंका गांधी मास्क लगाए हुए हैं और एक दूसरे को देखकर मुस्कुराते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने एक दूसरे का अभिवादन किया और बातचीत भी की। वहीं तस्वीर सामने आने के बाद अब दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या एक बार फिर यूपी चुनाव में सपा और बसपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

गौरतलब है कि साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, चुनाव में खास फायदा नहीं हुआ और भाजपा के आगे दोनों का गठबंधन विफल साबित हुआ था। भाजपा ने जबरदस्त कामयाबी हासिल करते हुए  312 सीटें जीती थीं। वहीं सपा को 54 सीटें मिली थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 7 सीटें आई थी।

Exit mobile version