News Room Post

Election: चुनाव के पहले दौर के बाद ही कांग्रेस को पता चल गया यूपी में अपना हाल! प्रियंका के बयान से मिले संकेत

priyanka gandhi

नई दिल्ली। यूपी में 58 सीटों पर पहले दौर की वोटिंग हो चुकी है। 14 फरवरी को 55 सीटों पर वोटिंग होनी है। वहीं, पहले दौर के बाद ही शायद कांग्रेस और उसकी महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी को पता चल चुका है कि चुनाव में उनका क्या हाल होना है। इसका संकेत कल एक इंटरव्यू में प्रियंका गांधी के बयान से मिला। एक टीवी चैनल के शो में प्रियंका गांधी ने साफ कहा कि वो अखिलेश यादव और बीएसपी सुप्रीमो मायावती का आदर करती हैं। ये पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस चुनाव के बाद सपा या बीएसपी से गठबंधन कर सकती है, प्रियंका ने कहा कि जो हालात बनेंगे, उस समय उसे देखकर फैसला करेंगे।

अब तक प्रियंका गांधी लगातार अखिलेश और सपा के अलावा बीएसपी और मायावती पर निशाना साधती रही हैं। अप उनका कहना था कि वो इनकी नीतियों का विरोध करती हैं, लेकिन उनका सम्मान अपनी जगह है। प्रियंका ने साथ ही ये भी कहा कि वो पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का भी आदर करती हैं। उन्होंने कहा कि वो अभी ये नहीं कहना चाहतीं कि आगे कांग्रेस क्या करेगी, पहले वो नतीजे देखना चाहती हैं। अखिलेश और मायावती के बारे में प्रियंका का कहना था कि मैं उनकी नहीं, उनकी राजनीति की बुराई करती हूं। उनकी राजनीति से जनता आगे नहीं बढ़ सकती।

पिछले दिनों प्रियंका और अखिलेश का चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह आमने-सामने आकर एक-दूसरे का अभिवादन हुआ था, उस बारे में पूछे जाने पर प्रियंका ने कहा कि अगर मोदी और योगी भी इसी तरह सामने आएंगे, तो उनको भी उसी तरह सम्मान दूंगी। प्रियंका ने ये भी साफ कर दिया कि वो फिलहाल सियासी मैदान में खुद नहीं कूदेंगी। उन्होंने इस बारे में सवाल पूछने पर कहा कि अभी राजनीति में वो कच्ची हैं और सही वक्त नहीं आया है। जब सही वक्त आएगा, तो वो चुनाव जरूर लड़ेंगी। बता दें कि कांग्रेस ने यूपी के लिए जो घोषणापत्र जारी किया है, उसमें से प्रियंका की तस्वीर हटा दी है। अब उसमें पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तस्वीरें लगाई गई हैं। जबकि, पहले जो भी पोस्टर और बैनर जारी होता रहा है, उनमें प्रियंका की बड़ी सी तस्वीर लगाई गई थी।

Exit mobile version