News Room Post

UP: कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने गिड़गिड़ाईं मजबूर प्रियंका, जानिए क्यों जोड़ना पड़ा कांग्रेस महासचिव को हाथ

Priyanka Gandhi

लखनऊ। कांग्रेस आलाकमान यानी पार्टी की सबसे ताकतवर इकाई। और इसी कांग्रेस आलाकमान के परिवार की हैं प्रियंका गांधी वाड्रा। प्रियंका कांग्रेस की महासचिव हैं और यूपी की प्रभारी भी। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी हैं, लेकिन यूपी की राजधानी में कांग्रेस की महा ताकतवर नेता को भी गिड़गिड़ाना पड़ गया। प्रियंका गांधी तीन दिन के लखनऊ दौरे पर हैं। शनिवार को वह प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। अपने इसी संबोधन में प्रियंका गांधी कांग्रेसियों के सामने गिड़गिड़ाने लगीं। प्रियंका ने कांग्रेसियों से गुहार लगाई कि चुनाव का मौका है। ऐसे में वे चुनाव तक 24 घंटे काम करें। प्रियंका ने कहा कि अगर 24 घंटे काम नहीं करेंगे, तो अगले साल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सकेंगे।

प्रियंका ने इस दौरान अपने भाषण में कांग्रेस की बदहाली की भी बात कही। उन्होंने कहा कि बड़ी मुश्किल से कांग्रेस यूपी के न्याय पंचायतों तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि चुनाव के लिए जुट जाइए। दरअसल, 1989 के बाद से यूपी में कांग्रेस का जो पतन होना शुरू हुआ, वह लगातार जारी है। यूपी में कांग्रेस की हालत यह है कि लोकसभा में सिर्फ उसकी एक सांसद रायबरेली से सोनिया गांधी हैं।

प्रियंका के भाई राहुल गांधी 2019 में हुआ लोकसभा चुनाव अपने गढ़ के तौर पर मशहूर अमेठी से हार गए थे। बात करें यूपी की तो जिस कांग्रेस का एक दौर में दबदबा होता था, उसके सिर्फ सात विधायक यहां हैं। इनमें से भी अदिति सिंह और राकेश सिंह ने बगावत का झंडा उठा रखा है। अब देखना यह है कि प्रियंका की गिड़गिड़ाहट कांग्रेसियों में उत्साह भरती है या उनके दिल्ली लौटने के बाद कांग्रेस के लोग फिर शांत बैठ जाते हैं।

Exit mobile version