News Room Post

Assam Election 2021: राहुल ने जारी किया घोषणापत्र, भाजपा और RSS पर साधा निशाना

Congress Assam Manifesto

गुवाहाटी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress Leader Rahul Gandhi) ने शनिवार को असम चुनावों (Assam Election 2021) के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस भारत की विविध संस्कृति, भाषाओं, सोचने के तरीके, परंपराओं और इतिहास पर हमला कर रहे हैं। असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र को जारी करते हुए, गांधी ने कहा कि कांग्रेस घोषणा पत्र में शामिल केवल पांच गारंटी ही प्रदान नहीं करेगी, बल्कि पार्टी असम के सद्भाव, परंपराओं, भाषा और इतिहास की रक्षा भी करेगी। राहुल गांधी ने मीडिया को बताया कि यह (घोषणापत्र) वास्तव में असम की रक्षा के लिए लोगों का घोषणापत्र है और इसे लोगों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बहुत चर्चा के बाद तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें असम के लोगों की आकांक्षाएं शामिल हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर उनकी पार्टी को वोट देकर उनकी सरकार बनाई गई तो वह भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएंगे। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का सही प्रकार से कार्यान्वयन नहीं करने और तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को लेकर भी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

राहुल ने कहा कि भाजपा की जीएसटी और अन्य नीतियों ने देश में बेरोजगारी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब में सुचारू रूप से सरकारें चला रही हैं और ये सरकारें इन राज्यों की अर्थव्यवस्थाओं का अच्छी तरह से प्रबंधन कर रही हैं, जबकि असम की अर्थव्यवस्था भाजपा सरकार द्वारा कुप्रबंधन की शिकार है।

आगामी चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस ने तीन वामपंथी दलों सीपीआई (एम), सीपीआई और सीपीआई (एमएल) के अलावा अन्य कई स्थानीय दलों के साथ एक महागठबंधन का गठन किया है। 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए 27 मार्च (47 सीटों), 1 अप्रैल (39 सीटों) और 6 अप्रैल (40 सीटों) के साथ तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। चुनावी परिणाम 2 मई को घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version