News Room Post

Gurmeet Singh Kunnar Died: राजस्थान चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, करणपुर से प्रत्याशी गुरमीत सिंह का हुआ निधन

नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी के लिए दुखद खबर सामने आई है। दरअसल  कांग्रेस विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर का देहांत हो गया है। कांग्रेस ने करणपुर विधानसभा सीट से गुरमीत सिंह  को चुनावी मैदान में उतारा था। उन्होंने दिल्ली के AIIMS में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वो लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। एम्स में उनका इलाज चल रहा था। बता दें कि राजस्थान में विधानसभा का चुनाव 25 नवंबर को होना है। सभी पार्टी और नेता चुनाव की तैयारी में जुटे है। ऐसे में गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की खबर कांग्रेस के लिए झटके के तौर पर है। जैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह की मौत की खबर सामने आई, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

कांग्रेस नेता गुरमीत सिंह कुन्नर का अंतिम संस्कार कल उनके गृह नगर में किया जाएगा। कुन्नर के देहांत के बाद अब राज्य की 199 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। उनके निधन के बाद इस सीट पर 25 नवंबर को वोटिंग नहीं होगी। वहीं गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट समेत कई कांग्रेस नेताओं ने दुख जाहिर किया है।

सीएम गहलोत ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। श्री कुन्नर लंबे समय तक अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं।”

राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने लिखा,” पूर्व मंत्री, करणपुर विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर जी का निधन कांग्रेस परिवार के लिए गहरा आघात है। अपने क्षेत्र के विकास और जनता से उनका सीधा जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा।”

इससे पहले मंगलवार को गुरमीत सिंह की तबीयत ज्यादा बिगड़ जाने के बाद उनके निधन की अफवाह फैल गई थी। जिसके बाद उनके परिवार इस खबरों को गलत बताया था। हालांकि बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दिल्ली के एम्स में दम तोड़ दिया। बता दें कि करणपुर विधानसभा सीट से गुरमीत सिंह तीन बार विधायक रहे। उनके देहांत के बाद अब इस सीट पर 25 नवंबर को मतदान नहीं होगा। चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version