News Room Post

बागी विधायकों ने दिग्विजय को दिया बड़ा झटका, वीडियो जारी कर कही ये बात

Digvijay Singh 3

भोपाल। मध्य प्रदेश के बागी विधायकों ने बेंगलुरु से वीडियो संदेश जारी कर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं को बड़ा झटका देते हुए  मुलाकात करने से इनकार कर दिया है। साथ ही कहा है कि, वे अपनी मर्जी से बेंगलुरु में है।

सूत्रों का कहना है कि बागी विधायकों ने यह वीडियो संदेश दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं को बेंगलुरु पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद जारी किया है। कांग्रेस के 22 विधायक अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं, छह विधायकों का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। इन विधायकों से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अन्य नेताओं के साथ बेंगलुरु पहुंचे।

कांग्रेस के बागी विधायकों ने वीडियो संदेश जारी कर कहा है, “वे अपनी मर्जी से बेंगलुरु आए हैं। बीते एक साल से हमारा कोई काम नहीं हुआ है, यहां हम लोग अपनी इच्छा से आए हैं। मेरा दिग्विजय सिंह व अन्य नेताओं से अनुरोध है कि, वे वापस लौट जाएं क्योंकि हम उनसे मुलाकात नहीं करना चाहते।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बेंगलुरु में पुलिस द्वारा एहतियातन हिरासत में लेने के बाद भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया है। दिग्विजय ने यहां एक रिसॉर्ट में ठहरे कांग्रेस के बागी विधायकों से मिलने की कोशिश की लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया था। इससे पहले सिंह को बुधवार को यहां एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था, जब उन्होंने एक रिसॉर्ट में प्रवेश करने की कोशिश की, जहां सत्तारूढ़ दल के 22 बागी विधायक ठहरे थे।

एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “सिंह को येलहंका में रामाडा रिसॉर्ट के पास एहतियातन हिरासत में लिया गया था जब वह बागी विधायकों से मिलने के लिए प्रवेश से इनकार करने के बाद विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे।”

सिंह के अलावा, मध्य प्रदेश के 9 मंत्रियों और 2 पार्टी विधायकों को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के साथ शहर के उत्तरी उपनगर में अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया है।

Exit mobile version