News Room Post

Rain Alert: उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट जारी, अन्य राज्यों में भी झमाझम पानी गिरने का मौसम विभाग का अनुमान

Rain Alert: मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में 11 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। तमाम अन्य राज्यों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण असम समेत कई राज्यों में बाढ़ भी आई हुई है।

rain

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश के बारे में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। ऐसे में राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में इसके बाद मंगलवार से बारिश का सिलसिला कम होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसके अलावा और भी तमाम राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में 11 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तक यूपी, महाराष्ट्र, ओडिशा, केरल और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इन सभी राज्यों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। ताजा जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और इससे जुड़े हादसों में 24 लोगों की जान गई है। असम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ का कहर है। असम में बाढ़ से 20 लाख से ज्यादा लोगों पर असर पड़ा है। बिहार में गंगा, महानंदा, बागमती, गंडक, कोसी समेत तमाम नदियों में उफान है। इससे मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, शिवहर और सीतामढ़ी के अलावा मधुबनी में बाढ़ का खतरा है।

दिल्ली में भी यमुना उफान पर है। इसकी वजह है कि हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज के गेट खोले हैं। हालांकि, राजधानी में अभी बाढ़ आने की आशंका नहीं दिख रही है। हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से 41 सड़कें बंद हैं। उत्तराखंड में भी 98 मार्ग भूस्खलन के कारण बंद करने पड़े हैं। मौसम विभाग ने पहले ही कहा है कि जुलाई से सितंबर के अंत तक औसत से ज्यादा बारिश होगी। जून में मॉनसून कुछ ठहर गया था, लेकिन जुलाई की शुरुआत से ही तमाम राज्यों में जमकर बारिश हो रही है।

Exit mobile version