News Room Post

Red Fort Case: दिल्ली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी, लाल किला हिंसा मामले में 2 और आरोपियों को धर दबोचा

Red Fort case

नई दिल्ली। नए कृषि कानून के विरोध में निकाली गई ट्रैक्टर रैली (Tractor Rally) के दौरान गणतंत्र दिवस के दिन लाल किला पर हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। इस कड़ी में एक बार फिर दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लाल किले पर हुई हिंसा के मामले में दो वांटेड आरोपियों को जम्मू से गिरफ़्तार किया है। बता दें कि केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। किसाना का धरना-प्रदर्शन 90वें दिन में प्रवेश कर गया है।

दिल्ली पुलिस ने जम्मू से दो आरोपियों मोहिंदर सिंह खालसा और मंदीप सिंह को गिरफ़्तार किया है। 45 वर्षीय मोहिंदर सिंह सतवारी में चतरा मिल इलाके का निवासी है और वह कश्मीर संयुक्त मोर्चा संगठन का अध्यक्ष है। दंगों की साजिश में मोहिंदर का अहम रोल था। वहीं 23 साल का मनदीप सिंह जम्मू के गोले गुजराल का रहने वाला है।

इस मामले में दिल्ली पुलिस 20 जनवरी को दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। उसका नाम लाल किले की प्राचीर पर तलवारें लहराने वाले आरोपी मनिंदर सिंह से पूछताछ में सामने आया था। पुलिस ने कहा है कि जसप्रीत सिंह भी लाल किले में मौजूद था। दंगों की वीडियो क्लिप में वह मनिंदर सिंह के पीछे खड़ा दिखाई दे रहा है।

बता दें कि किसान ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक 151 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक हिंसा के लिए उकसाने वालों में प्रमुख नाम पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू का है। वहीं एक अन्य प्रमुख आरोपी लखबीर सिंह उर्फ लाखा सिधाना पर पुलिस ने 1 लाख रुपये का नकद इनाम रखा है। गणतंत्र दिवस के दिन लाल किले में हुई हिंसा में कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

Exit mobile version