नई दिल्ली। बिहार की लोक गायिका शारदा सिन्हा का निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रही थीं और दिल्ली के एम्स में भर्ती थीं। 72 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। शारदा सिन्हा की तबीयत में लगातार गिरावट के चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, और मंगलवार रात 9 बजकर 20 मिनट पर सेप्टीसीमिया के कारण रिफ्रैक्टरी शॉक से उनका निधन हो गया।
शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा ने उनके एक्स अकाउंट पर यह दुखद सूचना साझा की। उन्होंने शारदा सिन्हा की एक तस्वीर के साथ लिखा, “आप सबकी प्रार्थना और प्यार हमेशा मां के साथ रहेगा। मां अब हमारे बीच नहीं रहीं, छठी मईया ने उन्हें अपने पास बुला लिया है।”
🚨 SAD! Famous singer Sharda Sinha breathed her last at AIIMS at 9.20 p.m.
Sharda Sinha ji’s voice in Chhath puja song will always remain with us forever 💖 pic.twitter.com/zTuzaphzV3
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) November 5, 2024
पहले दिया था हेल्थ अपडेट
अंशुमन सिन्हा ने पहले अपने यूट्यूब चैनल पर शारदा सिन्हा की तबीयत के बारे में जानकारी दी थी और बताया था कि वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उन्होंने शारदा सिन्हा के प्रशंसकों से उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की थी।
फिल्मी हस्तियों ने जताया शोक
शारदा सिन्हा के निधन की खबर से फिल्मी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कवि और लेखक कुमार विश्वास ने अपनी तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी ने लिखा, “दीदी आपको कैसे अलविदा कहूं।” भोजपुरी अभिनेता और गायक दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भी शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि दी है।
पति के निधन से टूट गई थीं शारदा सिन्हा
इसी साल 21 सितंबर को शारदा सिन्हा के पति ब्रज किशोर का ब्रेन हैमरेज से निधन हो गया था, जिसके बाद से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। उनके बेटे अंशुमन ने बताया कि पति के निधन से उन्हें गहरा सदमा लगा था, जिससे वह उबर नहीं सकीं।
लोक गायकी में अनोखी पहचान
बिहार कोकिला कहे जाने वाली शारदा सिन्हा छठ गीतों के लिए मशहूर थीं। उन्होंने ओटीटी सीरीज ‘महारानी सीजन 2’ के गीत ‘निर्मोहिया’ को अपनी आवाज दी थी। शारदा सिन्हा ने 1989 में आई सलमान खान की फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के प्रसिद्ध गीत ‘कहे तोसे सजना’ में अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरा था। उन्होंने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’ का ‘तार बिजली से पतले हमारे पिया’ जैसे कई गीत गाए, जो बेहद लोकप्रिय रहे।