News Room Post

फिर गिरफ्तार हुआ भारत तोड़ने की बात करने वाला शरजील इमाम, इस बार जामिया मामले में फंसा

नई दिल्ली। भारत को तोड़ने की बात करने वाले जेएनयू के छात्र शरजील इमाम को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बार फिर से गिरफ्तार कर लिया है। उसे इस बार जामिया हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया है। शरजील इमाम को क्राइम ब्रांच ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। इससे पहले शरजील पर देश द्रोह का केस था। अब पुलिस ने जामिया हिंसा फैलाने के केस में भी शरजील को आरोपी बनाया है। पुलिस की पूछताछ में एक आरोपी ने हिंसा फैलाने के मामले में शरजील का नाम लिया था।

इससे पहले शरजील इमाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें वह देश विरोधी बयानबाजी करते नजर आ रहा था। जांच से पता चला कि यह वीडियो 16 जनवरी को AMU में एक सार्वजनिक भाषण के दौरान रिकॉर्ड किया गया था। इस वीडियो में शरजील राष्ट्र विरोधी बयानबाजी करते हुए देखा गया जिसमें वह उत्तर-पूर्व भारत को शेष भारत से काटने की बात करता है।

शरजील इमाम ही दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के आयोजकों में से एक रहा है। उस पर आपराधिक साजिश, राष्ट्रद्रोह और धर्म के आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के संगीन आरोप हैं। दिल्ली पुलिस ने इमाम पर भारतीय दंड संहिता की धारा 124 ए, 153 ए और 505 के तहत मामला दर्ज किया। इसके अलावा देशविरोधी भाषण को लेकर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया।

शरजील पर असम पुलिस ने आतंकवाद रोधी कानून यूएपीए के तहत एक मामला दर्ज किया। उसे दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 28 जनवरी को जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

Exit mobile version