News Room Post

‘PM को जूती दिखाओ और 74 लाख का इनाम पाओ…’ मोदी के पंजाब दौरे से SFJ ने किया था ऐलान, अब सामने आया Video

नई दिल्ली। 2 दिन पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण के साथ ही रैली के लिए पंजाब के फिरोजपुर जा रहे थे तभी बारिश की वजह से जब हवाई यात्रा संभव नहीं थी तो उन्होंने रोड से जाने का फैसला लिया। फिरोजपुर से करीब 30 किलोमीटर पहले ही एक फ्लाईओवर पर पीएम मोदी का काफिला रोक लिया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने उस फ्लाईओवर को रोका हुआ था। जिसकी वजह से पीएम मोदी को करीब 20 मिनट तक का वहां इंतजार करना पड़ा। इतने इंतजार के बाद भी उस फ्लाईओवर को खाली कराने की बजाय पीएम मोदी को वापस जाने का फैसला लेना पड़ा। इस घटना को पीएम मोदी की सुरक्षा में गंभीर चूच मानी जा रही है। घटना के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी कॉन्ग्रेस और पंजाब की चन्नी सरकार पर हमलावर है। भाजपा की ओर से कांग्रेस पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह अब पीएम की सुरक्षा से खिलवाड़ करने पर उतारू हो आए हैं। इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गजों ने उनकी सलामती के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया तो वहीं कैंडल मार्च भी निकाला। अब पूरे बवाल के बीच खालिस्तानी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ का एक वीडियो सामने आया है।

इस वीडियो में गुरपतवंत सिंह पन्नू पीएम मोदी के खिलाफ सिखों को भड़काता नजर आ रहा है। कथित तौर पर यह वीडियो 3 जनवरी 2022 को ही खालिस्तानी संगठन की सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। इस वीडियो में यह साफ तौर पर कहते हुए सुनाई दे रहा है, “पीएम मोदी 5 जनवरी को पंजाब में आ रहा है। ये 3700 किसान भाइयों की मौतों का जिम्मेदार है। अभी उनकी लाश ठंड भी नहीं हुई और ये तुम्हारे बीच 5 जनवरी को आकर वोट माँगने वाला है। इसका विरोध करना पड़ेगा। इसे जूती दिखाओ और 1 लाख डॉलर (74,41,015 रुपए) पाओ। ये रकम सिख फॉर जस्टिस देगी।”

पीएम मोदी के खिलाफ सिखों को भड़काने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का जिक्र किया जा रहा है। पन्नू वीडियो में कहते सुनाई दे रहे हैं, “याद करो इंदिरा गाँधी जिसने सिख धर्म और पंथ पर हमला किया था।” आगे वह कहता है, “इस मोदी को दिखा दो तुम कि पंजाब खालिस्तान है। 5 जनवरी को चाहे कोई पुलिस वाला, चाहे कोई पत्रकार या कोई अस्पताल का कर्मचारी… जूती दिखाओ और 1 लाख डॉलर पाओ। इसकी दलाली करने वाले कैप्टेन अमरिंदर, ढींढसा..ये खालिस्तान है। तुम्हें किसी से कुछ माँगना नहीं है। लेना है। लेना है तुम्हें अपना हक 5 जनवरी को। कातिल मोदी को दिखा दो पंजाब आजादी की ओर चल चुका है।”

वहीं, इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा हमलावर हो गई है भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने वीडियो को लेकर कहा, “एसएफजे लोगों को उकसा रहा है और जो भी वो कर रहा है वो ISI के कहने पर कर रहा है।”

Exit mobile version