News Room Post

तेजस्वी यादव की मौजूदगी में श्याम रजक आरजेडी में हुए शामिल

Shyam Rajak

नई दिल्ली। बिहार में चुनाव (Bihar Elections) से पहले राजनीतिक सियासत जारी है। नीतीश सरकार से हटाए गए मंत्री श्याम रजक (Syam Rajak) ने आज राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ज्वॉइन कर ली है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejasvi Yadav) ने श्याम रजक को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

आरजेडी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद रजक ने कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई कभी नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आज बडे बयान दिए जाते हैं, लेकिन बिहार में कहीं कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने अपने घर में फिर से वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि बिहार में आज दलितों के साथ धोखा हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पद कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, “जदयू के पहले मै राजद में भी मंत्री रहा था। मेरे लिए कभी भी पद मायने नहीं रखता।”

उन्होंने जदयू से निष्कासन को गलत बताते हुए कहा कि जो पार्टी खुद के संविधान को सुरक्षित नहीं रख सकती उससे क्या अपेक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जदयू में अभी भी कई लोग परेशान हैं। उन्होंने कुछ और मंत्रियों के राजद में आने की संभावना जताते हुए कहा, “आगे-आगे देखिए होता है क्या?”

इस दौरान तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। आरजेडी में शामिल होने के बाद श्याम रजक ने कहा कि मैं अपना घर में वापस आकर भावुक हो रहा हूं। वापस आकर फिर से सामाजिक न्याय लड़ी जाएगी। मैंने जेडीयू में रहते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने की कोशिश की। लालू यादव ने हमेशा हमें सामाजित न्याय की लड़ाई लड़ने का पाठ पढ़ाया है।

कहा जा रहा है कि बिहार के उद्योग मंत्री श्याम रजक सोमवार को अपने मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले थे। हालांकि इससे पहले ही श्याम रजक पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से ही निकाल दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें मंत्री पद से भी हटा दिया गया है। कल ही राज्यपाल फागु चौहान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुशंसा पर मुहर भी लगा दी थी।

जेडीयू ने पार्टी से निकाला

जेडीयू की ओर से कहा गया था कि प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम रजक को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए दल से निष्कासित कर दिया है। काफी पहले से ही श्याम रजक के आरजेडी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

Exit mobile version