News Room Post

Punjab: जनता के सामने सिद्धू ने दिखाए बागी तेवर, प्रियंका गांधी के सामने हुए वाकये का आया Video

sidhu priyanka channi

संगरूर। पंजाब में 20 फरवरी को चुनाव है और वहां सत्तारूढ़ कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू बनाम चन्नी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालत ये है कि खुद को सीएम फेस न बनाए जाने से नाराज सिद्धू ने पार्टी आलाकमान का हिस्सा यानी प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने जनसभा तक को संबोधित करने से साफ इनकार कर दिया। ये वाकया रविवार को धुरी में हुआ। धुरी में कांग्रेस प्रत्याशी दलबीर सिंह गोल्डी के पक्ष में प्रियंका एक रैली को संबोधित करने पहुंची थीं। वहां मंच पर सीएम फेस चरणजीत सिंह चन्नी भी थे। सिद्धू को मंच पर संबोधन के लिए आवाज दी गई। सिद्धू अपनी जगह से उठे और हाथ जोड़कर चन्नी की तरफ इशारा करके अपनी जगह बैठ गए।

बता दें कि बीते दिनों राहुल गांधी ने पंजाब के लुधियाना में वर्चुअल रैली के दौरान चन्नी को कांग्रेस का सीएम फेस घोषित किया था। जिसके बाद सिद्धू ने कहा था कि राहुल उनके भाई हैं और पार्टी का फैसला उनको मंजूर है, लेकिन तभी से उन्होंने चुप्पी साध ली। अब उनके व्यवहार को देखकर साफ लग रहा है कि वो चन्नी को तरजीह दिए जाने से नाराज हैं। कल मंच पर पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भाषण दिया। फिर गोल्डी की पत्नी सिमरन खंगूड़ा ने सिद्धू का नाम पुकारा। इस पर सिद्धू खड़े हुए और चन्नी की तरफ इशारा किया। सिमरन ने फिर उनका नाम लिया, लेकिन सिद्धू ने फिर मना कर दिया। इस सारे वाकये को प्रियंका गांधी चुपचाप बैठकर देखती रहीं।

चन्नी को सीएम फेस घोषित किए जाने से पहले 6 फरवरी तक सिद्धू लगातार घूम-घूमकर अपने पंजाब मॉडल का प्रचार कर रहे थे। अब वो चुप हो गए हैं। चन्नी को सीएम फेस बनाने से पहले सिद्धू खुद को स्टार प्रचारक जैसा दिखा रहे थे। वो संकेतों में लगातार कह रहे थे कि पंजाब को उनके जैसा सीएम चाहिए, लेकिन पत्ता कट जाने के बाद अब उन्होंने जो तेवर दिखाने शुरू किए हैं, वे बागी से मिलते-जुलते हैं। बता दें कि पहले सीएम रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह को सिद्धू की जिद पर कांग्रेस आलाकमान ने पद से हटाया। फिर चन्नी सीएम बने, तो सिद्धू की उनसे भी ठन गई। पंजाब कांग्रेस के कई और नेताओं को भी सिद्धू पसंद नहीं करते हैं।

Exit mobile version