News Room Post

Coronavirus: अमेठी पहुंची स्मृति ईरानी, कोविड से जाने गंवाने वालों के परिजनों से मिलीं, बोलीं-हमेशा रहूंगी परिवार के साथ

Smriti irani Amethi

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार की दोपहर अचानक दिवंगत विधायक दलबहादुर कोरी के पद्मनपुर बिजौली स्थित घर पहुंची। उन्होंने विधायक की पत्नी से गले मिलकर उन्हें सांत्वना दी और भविष्य में हर सहयोग का वादा किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का कार्यक्रम बिना प्रोटोकॉल के और इतना गुप्त था कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं हो सकी। उन्होंने दिवंगत विधायक की पत्नी व अन्य पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात की। इसके पहले उन्होंने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री बहुत भावुक नजर आईं। करीब आधा घंटे बाद वह कार से लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। गौरतलब है कि सलोन विधायक दलबहादुर कोरी का शुक्रवार की भोर एक अस्पताल में निधन हो गया था। जमीन से जुड़े विधायक कोरी स्मृति ईरानी के नजदीकी नेताओं में माने जाते थे। शुक्रवार को ही उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उनके निधन से रायबरेली और अमेठी भाजपा के लिए अपूर्णीय क्षति माना जा रहा है।

स्‍मृति ईरानी, पिछले दिनों बीमारी से दिवंगत हुईं अमेठी जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष कमला देवी के पति और पूर्व आयकर आयुक्त बृजलाल पासी के घर भी गईं। अमेठी संसदीय क्षेत्र के सलोन सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक दल बहादुर कोरी का शुक्रवार को लखनऊ के अस्पताल में कोरोना से निधन हो गया था।

कल ही उनका अंतिम संस्कार गांव में विधि विधान से किया गया। विधायक के निधन पर स्‍मृति ईरानी ने ट्वीट कर शोक जताया था। आज वह अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर भाजपा विधायक के घर पहुंची। उन्होंने चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद उनकी धर्मपत्नी को गले लगाकर ढांढस बंधाया।

इसके बाद वह छतोह ब्लॉक से भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़े पूर्व आयकर आयुक्त बृजलाल पासी के घर भी गईं। बृजलाल पासी का भी गत दिनों निधन हो गया था। पंचायत चुनाव मतदान के एक दिन बाद ही उनका निधन हुआ था। मतगणना में वह 7500 मतों के अंतर से चुनाव जीत भी गए थे। स्‍मृति ईरानी ने उनके घर वालों को भी हिम्मत बंधाई और कहा कि दुख की इस घड़ी में वह साथ खड़ी हैं।

Exit mobile version